Delhi Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों पुरानी दिल्ली की गलियों से एक अनोखा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक रिक्शा चालक को विदेशी पर्यटकों के साथ उन्हीं की भाषा यानी अंग्रेजी में बड़े ही आत्मविश्वास के साथ बात करते देखा जा सकता है. असलम नाम के इस रिक्शा चालक का अंदाज ऐसा है कि विदेशी मेहमान भी उनके कायल हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
कौन है असलम रिक्शा वाला?
असलम पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक और दरीबा कला जैसे व्यस्त इलाकों में रिक्शा चलाते हैं. वह अपनी पहचान 'असलम रिक्शा वाले' के रूप में बना चुके हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहते हैं. उनकी खासियत यह है कि वह बिना किसी बड़े स्कूल या कॉलेज जाए, विदेशी सैलानियों से बात करते-करते फर्राटेदार अंग्रेजी बोलना सीख गए हैं.
नन्हे विदेशी मेहमान के साथ जुगलबंदी
ताजा वायरल वीडियो में एक छोटा विदेशी बच्चा असलम के रिक्शे की चालक सीट पर बैठकर रिक्शा चलाता नजर आ रहा है, जबकि असलम पीछे बैठकर उसे गाइड कर रहे हैं. वीडियो में असलम उस बच्चे से पूछते हैं, "How are you today? How do you feel?" बच्चा भी बड़े चाव से जवाब देता है. असलम उसे चांदनी चौक की प्रसिद्ध 'सिल्वर स्ट्रीट' (दरीबा कला) के बारे में बताते हैं और उसे हिंदी शब्द 'दोस्त' का मतलब भी समझाते हैं— "You are my dost, dost means friend."
सोशल मीडिया पर तारीफों के पुल
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, यूजर्स ने असलम के कॉन्फिडेंस की जमकर तारीफ की. लोग लिख रहे हैं कि भाषा सीखने के लिए किसी डिग्री की नहीं, बल्कि सीखने के जज्बे की जरूरत होती है. कुछ यूजर्स का कहना है कि यह "असली भारत" की तस्वीर है, जहाँ हम मेहमानों को सिर्फ घुमाते नहीं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और दोस्ती का हिस्सा बना लेते हैं.
पहले भी रहे हैं सुर्खियों में
यह कोई पहला मौका नहीं है जब असलम का वीडियो वायरल हुआ हो. वह अपनी इसी अनूठी कला के कारण पुरानी दिल्ली में पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं. सैलानी उनके साथ रिक्शे की सवारी करना और उनकी मजेदार अंग्रेजी में दिल्ली के इतिहास को सुनना पसंद करते हैं.
ADVERTISEMENT


