Delhi Viral News: दिल्ली में Uber बुक करते ही कंटेंट क्रिएटर के उड़े होश, जब स्टीयरिंग व्हील पर दिखी 'कैब क्वीन'

वैशाली

• 12:08 PM • 09 Jul 2026

Delhi Viral News: दिल्ली में Uber बुक करने के बाद कंटेंट क्रिएटर महक धमीजा उस वक्त हैरान रह गईं, जब उनकी कैब एक महिला ड्राइवर चमेली लेकर पहुंचीं. पिछले 7 साल से दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर Ola-Uber कैब चलाने वाली 'कैब क्वीन' चमेली की प्रेरणादायक कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

Delhi Viral Video
Delhi Viral Video
Google CTA

आमतौर पर जब भी हम दिल्ली-एनसीआर जैसे भागदौड़ वाले इलाके में Ola या Uber जैसी कैब बुक करते हैं, तो ड्राइवर के नाम पर किसी पुरुष का ही नाम देखने को मिलता है. लेकिन सोचिए, अगर आप कैब बुक करें और स्टीयरिंग व्हील पर कोई महिला बैठी दिखाई दे, तो यकीनन एक पल के लिए आप चौंक जाएंगे और फिर आपके चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान आ जाएगी. ऐसा ही कुछ दिलचस्प और खूबसूरत अनुभव सोशल मीडिया की मशहूर कंटेंट क्रिएटर महक धमीजा के साथ हुआ, जिसकी वीडियो अब इंटरनेट पर काफी तेजी से वायरल हो रही है. 

Read more!

महक धमीजा ने जब दिल्ली में अपने सफर के लिए एक उबर कैब बुक की, तो गाड़ी के पास पहुंचते ही उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि उनकी कैब ड्राइवर एक महिला हैं, जिनका नाम चमेली है. महक ने इस अनोखी और प्रेरणादायक मुलाकात का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे लोग बेहद पसंद कर रहे हैं. वीडियो की शुरुआत में महक कहती हैं कि उन्होंने उबर बुक की थी और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि उन्हें एक फीमेल उबर ड्राइवर मिली हैं.

पिछले 7 साल से दिल्ली-NCR की सड़कों पर चला रही हैं कैब

जब कंटेंट क्रिएटर महक ने चमेली से बातचीत शुरू की, तो एक बेहद ही प्रेरणादायक कहानी सामने निकलकर आई. चमेली पिछले 7 साल से दिल्ली-एनसीआर के व्यस्त और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर बिना किसी डर के Ola और Uber जैसी कैब दौड़ा रही हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चमेली खुद को 'जसलीन कैब क्वीन' के नाम से भी पेश करती हैं. पुरुष प्रधान माने जाने वाले इस क्षेत्र में चमेली का यह जज्बा वाकई काबिले तारीफ है और वह दिल्ली की सड़कों पर महिला सशक्तिकरण की एक जीती-जागती मिसाल बनकर उभर रही हैं.

शुरुआत में मिले तंज, अब देना आता है करारा जवाब

एक महिला ड्राइवर होने के नाते क्या उन्हें कभी किसी असहज स्थिति या दिक्कतों का सामना करना पड़ा? इस सवाल पर चमेली ने बेहद कड़क और दिल जीतने वाला जवाब दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मुश्किलें हर क्षेत्र में महिलाओं के लिए होती ही हैं. शुरुआत में उन्हें भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और आते-जाते लोग उन पर तंज कसते थे या अजीब कमेंट्स करते थे. चमेली ने बताया कि अब उन्हें इन सब चीजों से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि अब वह समय के साथ मजबूत हो चुकी हैं और अगर कोई फालतू बोलता है, तो उन्हें उसका करारा जवाब देना बहुत अच्छे से आता है. वह इन तमाम मुश्किलों को पार करके आज गर्व से इस मुकाम पर बैठी हैं.

पूरे खानदान की इकलौती महिला ड्राइवर

चमेली ने बातचीत के दौरान बड़े गर्व के साथ एक और दिलचस्प बात साझा की. उन्होंने बताया कि वह अपने पूरे खानदान की पहली ऐसी महिला हैं, जिनका ड्राइविंग लाइसेंस बना है. शुरुआत में इस काम के लिए उन्हें अपने घरवालों का सपोर्ट और सहयोग नहीं मिला था, क्योंकि समाज की सोच इस पेशे को लेकर महिलाओं के अनुकूल नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और यह साबित कर दिखाया कि महिलाएं अगर ठान लें, तो वह कुछ भी कर सकती हैं.

सुरक्षा को लेकर बनाया है खुद का कड़ा नियम

भले ही चमेली दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर बेखौफ होकर गाड़ी चलाती हैं, लेकिन दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के हालातों को देखते हुए उन्होंने अपने लिए कुछ कड़े नियम तय किए हैं. चमेली का मानना है कि चाहे दिल्ली-एनसीआर हो या कोई अन्य जगह, आज भी महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं. इसी वजह से वह रात के समय ड्राइविंग करने से बचती हैं. उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से अपना एक टाइम टेबल तय कर रखा है, जिसके तहत वह सुबह 8:00 बजे से लेकर रात के 10:00 बजे तक ही सड़कों पर कैब चलाती हैं. उनका मानना है कि यह समय उनके लिए पूरी तरह से परफेक्ट और सुरक्षित है.

सोशल मीडिया पर चमेली की हिम्मत को लोग कर रहे सलाम

चमेली की इस हिम्मत और जज्बे से भरी वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग चमेली को 'विकसित भारत की प्रेरणा' और 'बदलाव का असली चेहरा' बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि चमेली जैसी महिलाएं उन लोगों के लिए करारा जवाब हैं जो पुरानी सोच को महिलाओं की क्षमता पर हावी देखना चाहते हैं. वहीं, महक धमीजा ने भी चमेली के सोशल मीडिया अकाउंट को शेयर करते हुए लोगों से उन्हें ज्यादा से ज्यादा सपोर्ट करने की अपील की है. आज चमेली उन लाखों लड़कियों और महिलाओं के लिए एक रोल मॉडल बन चुकी हैं, जो किसी भी रूढ़िवादी सोच को तोड़कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं.