दिल्ली: अधेड़ उम्र का शख्स कर रहा था अश्लील हरकत, लड़की ने बीच सड़क पर ढंग से कर दिया इलाज, वीडियो वायरल

दिल्ली की एक बहादुर लड़की ने सरेराह छेड़खानी करने वाले एक अधेड़ उम्र के शख्स का कॉलर पकड़कर उसे बीच सड़क सबक सिखाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

दिल्ली वायरल वीडियो
दिल्ली वायरल वीडियो

वैशाली

follow google news

देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर क्या लड़कियां वाकई सुरक्षित हैं? यह सवाल एक बार फिर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर दिल्ली का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बहादुर लड़की ने सरेराह छेड़खानी करने वाले एक अधेड़ उम्र के शख्स को न केवल पकड़ा, बल्कि उसे उसकी औकात भी याद दिला दी.

Read more!

भरी दोपहरी में बीच सड़क तमाशा

अक्सर कहा जाता है कि रात के अंधेरे में लड़कियां असुरक्षित होती हैं, लेकिन यह घटना भरी दोपहरी की है. दिल्ली की एक व्यस्त सड़क पर एक 18-19 साल की लड़की बस या ऑटो का इंतज़ार कर रही थी. तभी 35 से 40 साल के एक शख्स ने उस पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. लड़की पहले तो सहम गई और रोने लगी, लेकिन अगले ही पल उसने हार मानने के बजाय डटकर मुकाबला करने का फैसला किया.

कॉलर पकड़ा और पुलिस को बुलाने की दी चेतावनी

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मास्क लगाए हुए लड़की गुस्से में शख्स का कॉलर पकड़े हुए है. वह रोती-बिलखती तो नजर आ रही है, लेकिन उसकी हिम्मत कम नहीं हुई. आसपास मौजूद भीड़ भी लड़की के समर्थन में उतर आई. वीडियो के एंबियंस में सुना जा सकता है कि वहां मौजूद एक महिला उस लड़की की ढाल बनकर खड़ी हो गई और पुलिस को बुलाने की बात करने लगी. वहीं, आरोपी शख्स गिड़गिड़ाता नजर आया और पुलिस को न बुलाने की मिन्नतें करने लगा.

सोशल मीडिया पर लड़की की तारीफों के पुल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यह वीडियो तेजी से वायरल है. लोग लड़की की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि "गलत हरकत का यही अंजाम होना चाहिए, हिम्मत से दिया गया जवाब ही असली सबक है." कई लोगों ने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि इस शख्स के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

क्या हुई कार्रवाई?

हालांकि वीडियो दिल्ली का बताया जा रहा है, लेकिन सटीक जगह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. साथ ही, अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है या नहीं. लेकिन इस वीडियो ने एक बार फिर दिल्ली में महिला सुरक्षा के दावों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

 

    follow google news