राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रील बनाने और चंद लाइक्स पाने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है. कानून का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि अब स्टंटबाज पुलिस की गाड़ी को ही चुनौती देने लगे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दो युवक दिल्ली पुलिस की पीसीआर (PCR) वैन के ठीक बगल में जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने भी इस 'दुस्साहस' का संज्ञान लेते हुए स्टंटबाजों का भूत उतार दिया है.
ADVERTISEMENT
चलती बाइक पर खड़े होकर करतब
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो बाइक सवार युवक ट्रैफिक नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं. हद तो तब हो गई जब बाइक चला रहे युवक ने दिल्ली पुलिस की 112 पीसीआर वैन के बिल्कुल बगल में स्टंट शुरू कर दिया. युवक ने चलती बाइक का हैंडल छोड़ दिया और सीट पर खड़ा हो गया. जरा सी चूक एक बड़े हादसे को दावत दे सकती थी, जिसमें न केवल इन युवकों की जान जा सकती थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ सकते थे.
दिल्ली पुलिस का एक्शन
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ, दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. हाईटेक सर्विलांस और वीडियो फुटेज की मदद से ट्रैफिक पुलिस ने बाइक और उस पर सवार युवकों की पहचान कर ली है. पुलिस ने इन युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए भारी-भरकम चालान थमाया है. दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और रील बनाने के चक्कर में दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
सोशल मीडिया पर फूटा जनता का गुस्सा
इस घटना के बाद इंटरनेट यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. कुछ यूजर्स ने इन स्टंटबाजों को 'छपरी' बताते हुए सवाल किया कि पुलिस की गाड़ी के सामने ऐसी हरकत करने की हिम्मत कहाँ से आती है? वहीं, कुछ ने मांग की है कि सिर्फ चालान काफी नहीं है, बल्कि ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होना चाहिए और कम से कम 30 दिन की जेल या सामुदायिक सेवा की सजा मिलनी चाहिए. लोगों का मानना है कि जब तक पुलिस का खौफ जमीन पर नहीं दिखेगा, तब तक ऐसे 'रील स्टार्स' अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे.
ADVERTISEMENT


