अगर आप देश की राजधानी दिल्ली में रहते हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए शहर के कई बड़े इलाकों में आने वाले दो दिनों तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहने या बाधित होने की जानकारी दी है.
ADVERTISEMENT
इन इलाकों में रहेगा संकट
दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, 10 और 11 अप्रैल को दिल्ली के निम्नलिखित इलाकों में पानी की किल्लत रहने वाली है:
- मंगोलपुर कला विलेज
- मुबारकपुर विलेज
- कराला विलेज
इन इलाकों के अलावा आसपास के कुछ क्षेत्रों में भी पानी का दबाव कम रह सकता है.
क्यों हो रही है पानी की कटौती?
दिल्ली जल बोर्ड ने बताया है कि यह कटौती कोई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि एक तय प्रक्रिया का हिस्सा है. दरअसल, यूजीआर (UGR) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक फ्लशिंग यानी सफाई (Annual Flushing) का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. पंपिंग स्टेशनों की सफाई और रखरखाव के चलते इन दो दिनों तक सप्लाई रोक दी जाएगी.
जल बोर्ड की सलाह, आज ही भर लें पानी
बोर्ड ने प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे आने वाले दो दिनों की जरूरतों के लिए आज ही पर्याप्त मात्रा में पानी भरकर रख लें. साथ ही, पानी का इस्तेमाल बहुत ही किफायत के साथ करने की हिदायत दी गई है.
इमरजेंसी में कैसे मिलेगा पानी?
जल बोर्ड ने अपनी एडवाइजरी में कुछ टोल-फ्री नंबर भी जारी किए हैं. अगर आपके इलाके में पानी की भारी किल्लत होती है, तो आप इन नंबरों पर संपर्क करके पानी के टैंकर मंगवा सकते हैं. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आपातकालीन स्थिति में टैंकरों के जरिए जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
ADVERTISEMENT


