Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए गर्मी का सितम फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. मॉनसून की सुस्त पड़ती रफ्तार के बीच उमस और तीखी धूप ने राजधानी को बेहाल कर रखा है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में लगातार हल्के बदलाव देखने को मिल रहे हैं, लेकिन बारिश न होने से उमस का स्तर काफी बढ़ गया है. इस बीच अब मौसम विभाग ने दैनिक बुलेटिन जारी किया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि 16 जुलाई को दिल्ली-NCR में मौसम की क्या स्थिति रहेगी?
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 16 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 16 जुलाई को राजधानी दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिनभर बादलों की आवाजाही तो देखने को मिलेगी, लेकिन बारिश की उम्मीद न के बराबर है. 16 जुलाई को सूरज की तपिश और हवा में मौजूद भारी उमस लोगों को परेशान करती रहेगी. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 जुलाई को भी तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. लेकिन 18 और 19 जुलाई से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से दिल्ली में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा. 18, 19 और 20 जुलाई को दिल्ली के लगभग सभी जिलों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह व दोपहर के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज ठंडी हवाएं और 40 किमी/घंटा के झोंके दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाएंगे.
ADVERTISEMENT


