मौसम में हो रहे लगातार बदलाव और मानसून की विदाई के बीच देश की राजधानी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने लगा है. मौसम विभाग के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर से दक्षिण-पश्चिम मानसून की रवानगी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं. बीते कुछ दिनों से शहर में बारिश की कोई गतिविधि दर्ज नहीं की गई है, जिससे आसमान पूरी तरह साफ नजर आ रहा है. हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जबकि हवाओं के रुख में भी बदलाव आ रहा है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 22 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां दिन के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की बात कही गई है. सुबह के समय हवा उत्तर-पश्चिमी रहेगी, जबकि दोपहर में उत्तर-पूर्वी और शाम के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चलने की संभावना है. अगर तापमान और गर्मी की स्थिति की बात करें तो 22 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. आगामी 7 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने कोई अपडेट जारी नहीं किया है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों के मौसम पर नजर डालें तो 23 और 24 सितंबर को भी दिल्ली के सभी प्रमुख जिलों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और नई दिल्ली) में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया गया है. इसके बाद 25, 26 और 27 सितंबर को मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है और इन जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने (Partly Cloudy) की संभावना है. इस पूरे सप्ताह के दौरान बारिश दर्ज न होने से तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा.
ADVERTISEMENT


