Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में बारिश के बाद बदला मौसम, आज फिर बरसेंगे बादल? IMD ने जारी किया अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 07:29 AM • 30 Oct 2026

Delhi weather update: उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है और दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के बाद ठंड ने दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. तापमान में आई भारी गिरावट से लोगों को हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. ऐसे में आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा मौसम.

बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में लुढ़का पारा
बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में लुढ़का पारा
Google CTA

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आए चक्रवाती तूफान और उसके प्रभाव से बदले मौसम का असर उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. इस बीच दिल्ली-NCR में भी मौसम ने करवट ले ली है. रातभर हुई बारिश के बाद आज यानी 30 अक्टूबर की सुबह मौसम में ठंडक महसूस की गई. आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट आई है. मौसम के इस बदलाव से सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है. इस बीच अब मौसम विभाग ने आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज दिल्ली-NCR में मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों में इसमें क्या बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

Read more!

दिल्ली में आज 30 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 30 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर से पहले तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, आज दिल्ली के सभी 11 जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. ऐसे में इन सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा शामिल हैं.

वहीं तापमान की बात करें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को दिनभर मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है. इसके अलावा एनसीआर के फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी बादल छाने, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इन इलाकों में येलो अलर्ट/वॉच की स्थिति बताई गई है. 

IMD ने आज के लिए क्या चेतावनी दी है?

मौसम विभाग के मुताबिक, आज बारिश के दौरान दिल्ली-NCR में कुछ जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो सकता है. निचले इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित होने और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने की आशंका है. ऐसे में वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है. IMD ने लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने और बिजली के खंभों व तारों से दूर रहने की हिदायत दी है. गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह भी दी गई है.

बारिश के बाद कितना गिरा दिल्ली का तापमान?

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम रहा. तापमान में गिरावट के बाद दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज के बाद दिल्ली में बारिश का दौर थमने की संभावना है. 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं. वहीं, 1 नवंबर से 4 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. यानी आने वाले दिनों में दिन के समय हल्की गर्माहट और सुबह-शाम ठंडक महसूस हो सकती है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की महारैली को CJP का समर्थन, क्या अभिजीत दीपके भी पहुंचेंगे?