Delhi Mausam Update: उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में लू का असर साफ नजर आने लगा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन के साथ-साथ रातें भी और ज्यादा गर्म होने वाली हैं. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा. यहां सुबह के समय हल्की ठंडक जरूर महसूस होती है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा वैसे वैसे तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा. ऐसे में दोपहर के समय चिलचिलाती धूप में बाहर निकलने पर दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. वहीं शाम के वक्त हल्की राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि गर्मी का असर अभी लगातार बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अनुसार, आज यानी 22 अप्रैल 2026 को दिल्ली के सभी जिलों में मौसम गर्म रहने वाला है. मौसम विभाग ने नई दिल्ली, उत्तर दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में आज आसमान तो साफ रहेगा लेकिन कहीं कहीं पर लू चलने की संभावना भी जताई गई है. इसके साथ ही दिन के दौरान सतह पर 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जो गर्मी के अहसास को और बढ़ा देंगी.
दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 19-22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था , जो सामान्य के आसपास या उससे कुछ कम रहा है . हालांकि, अब पारा तेजी से चढ़ रहा है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. 23 और 24 अप्रैल को भी नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित दिल्ली के लगभग सभी हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी और आसमान साफ रहेगा. 25 अप्रैल से मौसम में थोड़ा बदलाव आने की उम्मीद है, जब आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें ताकि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT


