दिल्ली-एनसीआर में मार्च के दूसरे सप्ताह में मौसम तेजी से बदलता नजर आ रहा है. दिन के समय तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ रहा है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक अभी भी बनी हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा चल रहा है और अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख रहने की संभावना है. 13 मार्च को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है और तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि 15 मार्च के आसपास मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जब हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
13 मार्च को कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. इस दौरान मौसम सामान्य रहने की संभावना है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और देर रात मौसम थोड़ा सुहावना रहेगा. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी थोड़ी कम महसूस हो सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. 14 मार्च को भी दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है. वहीं 15 मार्च को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दिन सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी या फुहार पड़ने के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है. इसके बाद 16 से 18 मार्च के बीच फिर से मौसम सामान्य रहने का अनुमान है और आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं.
दिल्ली की हवा अभी भी 'खराब'
दिल्ली में मौसम के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है. 12 मार्च को शाम 7 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया.
- Wazirpur- 300
- Anand Vihar- 297
- Dwarka Sector-8- 268
- Mundka- 266
- Rohini- 262
- Burari Crossing- 260
- Mandir Marg- 256
- Chandni Chowk- 248
- Alipur- 247
- RK Puram- 243
क्यों बदल सकता है मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और 14 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इसी वजह से 15 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बन रही है.
ADVERTISEMENT


