दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल के मध्य में ही गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 16 अप्रैल को क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा, जिससे लोगों को दिन के समय अधिक गर्मी का सामना करना पड़ेगा. हालांकि अच्छी बात यह है कि अगले सात दिनों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका नहीं जताई गई है.
ADVERTISEMENT
आज कैसा रहेगा मौसम?
16 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन के समय उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जिससे हल्की राहत तो मिल सकती है लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा. कुल मिलाकर दिन गर्म रहेगा और धूप का असर महसूस होगा.
आने वाले दिनों का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद 48 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और फिर हल्की गिरावट (1-2 डिग्री सेल्सियस) देखने को मिल सकती है. न्यूनतम तापमान में भी अगले 3 दिनों तक 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद यह लगभग स्थिर बना रहेगा. इस दौरान तापमान सामान्य से ऊपर या काफी ऊपर रहने की संभावना है.
गर्मी से सावधान रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों में हीटवेव की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए मध्यम स्तर का स्वास्थ्य जोखिम हो सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि धूप में ज्यादा देर तक न रहें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें.
ADVERTISEMENT


