दिल्ली-NCR में सितंबर की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बारिश वाला बना हुआ है. 4 सितंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने और कई जगहों पर हल्की बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. इसके बाद रात की ओर भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. हालांकि, दिल्ली में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
ADVERTISEMENT
4 सितंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 सितंबर को आसमान सामान्य तौर पर बादलों से ढका रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच एक-दो दौर में कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश भी होने की संभावना है. रात की ओर एक बार फिर कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ मेघ गर्जन और बिजली चमकने की गतिविधि हो सकती है.
तापमान में आएगी गिरावट
दिल्ली में 4 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. यानी 3 सितंबर के मुकाबले दिन के तापमान में कुछ कमी देखने को मिल सकती है.
दिल्ली-NCR के किन इलाकों में बारिश?
4 सितंबर को दिल्ली के सभी प्रमुख हिस्सों के लिए मौसम का पैटर्न लगभग एक जैसा रहने का अनुमान है. उत्तर, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, मध्य और पूर्वी दिल्ली में कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इन इलाकों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की भी संभावना है.
NCR में भी बारिश की संभावना है. फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। रात की ओर भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है.
मानसून की स्थिति क्या है?
दिल्ली-NCR के मौसम पर इस समय उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र असर डाल रहा है. इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और इसके अगले 24 घंटों में दक्षिणी उत्तर प्रदेश तथा आसपास के उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. वहीं मानसून ट्रफ रोहतक समेत कई क्षेत्रों से होकर गुजर रही है.
5 सितंबर को भी बारिश के आसार
दिल्ली-NCR में 5 सितंबर को भी मौसम सुहावना और बारिश वाला रह सकता है. इस दिन कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. इसके बाद 6 सितंबर को बहुत हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 7 सितंबर से मौसम के अपेक्षाकृत साफ होने के आसार हैं.
ADVERTISEMENT


