दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए 5 जून राहत भरी खबर लेकर आ सकता है. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने तापमान के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है.IMD के मुताबिक 5 जून को दिल्ली में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से लेकर रात तक अलग-अलग समय पर हल्की बारिश तथा आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है. इसके कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. आइए विस्तार से जानते है मौसम की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
5 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 5 जून को दिल्ली में आम तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दिन के समय के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली चमकने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. शाम और रात के समय भी एक और दौर बहुत हल्की बारिश तथा मेघगर्जन का देखने को मिल सकता है. यानी पूरे दिन मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा और लोगों को तेज धूप का सामना अपेक्षाकृत कम करना पड़ेगा.
तापमान में आएगी गिरावट
5 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यह पिछले दिन के मुकाबले 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है.. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
किन इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना?
IMD के अनुसार उत्तर दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली, नई दिल्ली समेत लगभग पूरे दिल्ली क्षेत्र में एक जैसा मौसम रहने की संभावना है. सभी जिलों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश, मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है. दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 6 जून को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. इस दिन अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके बाद 7 जून से मौसम साफ होने लगेगा. 7 और 8 जून को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है और तापमान फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा. 9 और 10 जून तक अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
ADVERTISEMENT


