दिल्ली-NCR में काले बादलों का डेरा, 8 जुलाई को बारिश और तूफान की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 04:31 PM • 07 Jul 2026

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने 8 जुलाई के लिए पूरी दिल्ली में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में सुबह से रात तक अलग-अलग दौर में बारिश होने की संभावना है. जानिए आपके इलाके का मौसम कैसा रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट
Google CTA

Delhi Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आखिरकार मानसून का असर पूरी तरह दिखाई देने लगा है. मंगलवार को सुबह से ही दिल्ली-NCR के आसमान में काले बादलों की आवाजाही देखी गई. दोपहर बाद घने काले बादलों के बीच कई जगहों पर बारिश और  हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत NCR के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश देखी गईं. मौसम बदलने से लोगों को उमस वाली झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है. इसी बीच मौसम विभाग ने बुधवार यानी 8 जुलाई के लिए भी पूरी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का बड़ा अलर्ट जारी किया है.

Read more!

दिल्ली में 8 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 8 जुलाई को दिल्ली में पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय दिल्ली के कई हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही आंधी-तूफान आने, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे (तेज झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने के आसार हैं. यही नहीं, बारिश का एक और दौर बुधवार की शाम या रात के समय भी देखने को मिल सकता है.  इसके लिए मौसम विभाग ने सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली समेत दिल्ली-NCR के हिस्से शामिल हैं. इन सभी जिलों में बुधवार को सुबह से लेकर रात तक अलग-अलग दौर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है.

देश और दिल्ली में मानसून की स्थिति

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से देश के बाकी हिस्सों को कवर कर रहा है. यह गुजरात, राजस्थान तथा हरियाणा के कई नए इलाकों में आगे बढ़ गया है. अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के पूरे देश में आगे बढ़ने के लिए हालात बेहद अनुकूल हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश पर बने एक स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण की वजह से दिल्ली-NCR के मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है. 

आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल?

आने वाले दिनों में भी दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी. बुधवार के बाद गुरुवार, 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा; उत्तरी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और मध्य दिल्ली सहित सभी इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह तथा रात के समय मध्यम बारिश के साथ 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद शुक्रवार (10 जुलाई) और शनिवार (11 जुलाई) को बारिश की रफ्तार में थोड़ी कमी जरूर आएगी, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और नई दिल्ली, पालम, सफदरजंग और पश्चिमी दिल्ली के इलाकों में सुबह/पूर्वाह्न के समय बहुत हल्की से हल्की वर्षा या गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी.

यह भी पढ़ें: Aakriti Death Case: पार्टी के बाद आकृति की जान गई या ली गई? गूगल सर्च हिस्ट्री ने और उलझा दिया!