Delhi Weather: मार्च में ही मई जैसी तपिश! जानें अगले 7 दिनों का वेदर अपडेट

दिल्ली में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है. 1 मार्च को सफदरजंग और नजफगढ़ जैसे इलाकों में तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5-6 डिग्री अधिक है.

Delhi Weather
Delhi Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi Weather Update: दिल्ली में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी में तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है. साफ आसमान, तेज हवाएं और तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग की रिपोर्ट बताती है कि मार्च की शुरुआत में ही दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है. 

Read more!

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में दिन के समय मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा और सतही हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. कई बार इन हवाओं की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है. इससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस होगी, जबकि सुबह और देर शाम हल्की ठंडक बनी रह सकती है. 

दिल्ली में तापमान सामान्य से ज्यादा

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. 

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान

  • मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में थोड़ा अंतर देखने को मिला.
  • सफदरजंग इलाके में अधिकतम तापमान करीब 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
  • पालम क्षेत्र में दिन का तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
  • लोधी रोड में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
  • रिज इलाके में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
  • अयानगर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
  • मयूर विहार क्षेत्र में दिन का तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
  • इसके अलावा गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गाजियाबाद में अधिकतम तापमान करीब 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा. 

अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. 9 मार्च के बाद आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. 

रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई और आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बहुत कम है. हवा की रफ्तार तेज रहने से दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा. 

    follow google news