आंधी-बारिश की एंट्री से टूटेगा गर्मी का कहर... दिल्ली में इस दिन बदल जाएगा मौसम, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, लेकिन अब राहत की घड़ी करीब है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है. तेज आंधी, बिजली और बारिश के साथ तापमान में बड़ी गिरावट आएगी. जानिए किस दिन आपके इलाके में होगी बारिश और कब मिलेगी गर्मी से राहत.

दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi Weather Today: मौसम के बदलते मिजाज के बीच राजधानी दिल्ली एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में है. झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं ने दिल्लीवालों का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे हर कोई अब जल्द से जल्द राहत की उम्मीद कर रहा है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. उत्तरी हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण वायुमंडल में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं. इसके चलते आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है.

Read more!

दिल्ली में 9 जून को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 9 जून 2026 को दिल्ली का आसमान साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि, इस दौरान दिल्लीवालों को तेज हवाओं का सामना करना पड़ेगा. दिन के समय सतह पर हवा की निरंतर गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रहेगी. दिनभर चलने वाली इन तेज हवाओं के बीच कभी-कभी हवा के झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक भी पहुंच सकते हैं. इससे धूल भरी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने 9 जून को किसी भी जिले में कोई अलर्ट जारी नहीं किया. हलांकि, तेज सतही हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल

मौसम विभाग की मानें तो 10 जून को भी तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा. हालांकि शाम के समय बादल छाने के साथ आसमान बरस सकता है. लेकिन असली राहत 11 और 12  जून को मिलने वाली है. 11 जून से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. इसके प्रभाव से 11 जून को उत्तर-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली सहित पूरी दिल्ली में तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं (झोंके 60 किमी/घंटा तक) के साथ हल्की बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. इसके बाद 12 जून को भी उत्तरी दिल्ली, मध्य दिल्ली, शाहदरा और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली समेत सभी जिलों में दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जिससे तापमान गिरकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा और दिल्लीवालों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

    follow google news