Delhi Weather Today: चिलचिलाती गर्मी और उमस से परेशान दिल्लीवालों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार राजधानी में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. IMD ने बताया कि 30 जून 2026 को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि असली बदलाव दोपहर के बाद या शाम के समय देखने को मिल सकता है. इस दौरान दिल्ली के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने और बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 30 जून को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 30 जून को दिल्ली के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का असर दिख सकता है. इनमें उत्तर पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली शामिल हैं. अगर पिछले 24 घंटों में गर्मी की स्थिति पर गौर करें तो दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और लोदी रोड में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये सामान्य से लगभग 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक था. वहीं कुछ हिस्सों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई थी. हालांकि, 30 जून से इस भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है.
दिल्ली में क्या है मानसून की स्थिति?
मौसम के इस बड़े बदलाव के पीछे मानसून की सक्रियता एक मुख्य वजह है. ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले 2 दिनों के अंदर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं. इसके तुरंत बाद अगले 2 से 3 दिनों में मानसून और तेजी से कदम बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और दिल्ली के पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के बाकी हिस्सों को भी कवर कर लेगा. समुद्र तल पर बनी मौसमी ट्रफ़ रेखा इस समय पंजाब से हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक गुजर रही है, जो इस मानसूनी हलचल को और मजबूत कर रही है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिन दिल्ली के लिए और भी अधिक सुहावने होने वाले हैं. 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेस असर डाल सकता है. इसके प्रभाव से 1 जुलाई को तापमान गिरकर 36-38 डिग्री सेल्सियस और 2 जुलाई को 34-36 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा. 2 जुलाई को दिल्ली के सभी जिलों (उत्तरी, पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी, पूर्वी आदि) में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा. इसके बाद 3 से 5 जुलाई के दौरान भी आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह या शाम के समय हल्की वर्षा होने से तापमान में भारी गिरावट आएगी , जिससे न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के स्तर तक पहुंच जाएगा और दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.
ADVERTISEMENT


