दिल्ली की DTC बसों में सफर करना अब यात्रियों के साथ-साथ खुद बस कर्मचारियों के लिए भी सुरक्षित नहीं रह गया है. आए दिन सोशल मीडिया पर डीटीसी बसों से जुड़े लड़ाई-झगड़े, बहस और मारपीट के वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन अब इन बसों में जेबकतरों की गुंडागर्दी और मनमानी का एक नया ट्रेंड शुरू हो गया है. जेबकतरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब यात्रियों को तो छोड़िए, सीधे बस के ड्राइवर और कंडक्टरों को भी अपना निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला लाइव चोरी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
ड्राइवर की नजर बचते ही जेबकतरे ने साफ किया हाथ
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक डीटीसी ड्राइवर अपनी बस चला रहा है. इसी दौरान ड्राइवर की सीट के ठीक पीछे दो लड़के खड़े नजर आते हैं. इनमें से एक लड़का ड्राइवर के बेहद करीब आकर खड़ा हो जाता है और उसकी इसी नजदीकी का फायदा उठाने की कोशिश करता है. जैसे ही ड्राइवर का ध्यान भटकता है और वह साइड मिरर में देखने लगता है, वैसे ही वह शातिर चोर बड़ी चालाकी से ड्राइवर का मोबाइल फोन उड़ा लेता है. ड्राइवर को भनक तक नहीं लगती कि उसके ठीक पीछे खड़े शख्स ने उसका फोन गायब कर दिया है.
रोहिणी सेक्टर 37 डिपो की बस की है घटना
यह पूरी वारदात डीटीसी बस के भीतर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब इंटरनेट पर जमकर शेयर की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, जिस बस में चोरी की यह लाइव वारदात हुई है, वह रोहिणी के सेक्टर 37 डिपो की है. इस वीडियो को खुद पीड़ित डीटीसी ड्राइवर ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है, जिसका नाम राहुल स्टोलर बताया जा रहा है. ड्राइवर ने इस वीडियो को साझा करते हुए यह दावा किया है कि अब डीटीसी बसों में यात्रियों के साथ-साथ ड्राइवर्स भी इन शातिर जेबकतरों से महफूज नहीं रह गए हैं.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा भड़क गया है और वे इन बेखौफ जेबकतरों के खिलाफ पुलिस से सख्त से सख्त एक्शन लेने की मांग कर रहे हैं. हालांकि, दिल्ली की बसों में लाइव चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार डीटीसी बसों के ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं, जहां ये चोर बड़ी सफाई से कीमती सामान उड़ा लेते हैं.
कुछ समय पहले एक ऐसा ही वीडियो आया था जहां एक जेबकतरे ने दिल्ली पुलिस के जवान के ही पॉकेट से पर्स उड़ाने की हिम्मत की थी, लेकिन पुलिसकर्मी की मुस्तैदी के कारण वह रंगे हाथों पकड़ा गया और उसकी मौके पर ही जमकर धुनाई हो गई थी. फिलहाल, इस ताजा वीडियो ने एक बार फिर दिल्ली की बसों में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT


