दिल्ली की सड़कों पर दौड़ने वाली डीटीसी बसें यहां की लाइफलाइन मानी जाती हैं. स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र हों, ऑफिस जाने वाले नौकरीपेशा लोग या फिर महिला यात्री, दिल्ली की एक बड़ी आबादी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तौर पर डीटीसी पर सबसे ज्यादा भरोसा करती है. इसका मुख्य कारण यह है कि डीटीसी का नेटवर्क पूरी दिल्ली में फैला हुआ है. हालांकि, जिन रूटों पर अभी तक बसें नहीं चल रही थीं, वहां के यात्रियों की सहूलियत के लिए अब डीटीसी ने एक खास पहल की है. लंबे समय से बिजवासन और कापसहेड़ा के निवासियों द्वारा इस इलाके में बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी, जिसे स्वीकार करते हुए डीटीसी ने एक नया बस रूट शुरू कर दिया है.
ADVERTISEMENT
इन इलाकों के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
डीटीसी द्वारा शुरू किए गए इस नए रूट से दिल्ली के देहात इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होने वाला है. इस नई बस सेवा के शुरू होने से बिजवासन, भरथल, बामनौली, समालका और कापसहेड़ा जैसे क्षेत्रों के निवासियों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी. इस रूट के जरिए द्वारका के शहरी इलाके से लेकर कापसहेड़ा और बिजवासन जैसे दिल्ली देहात के इलाकों को आपस में सीधा जोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों का सफर अब बेहद आसान हो जाएगा.
जानिए क्या है रूट नंबर और कहां-कहां होंगे स्टॉप
डीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू किए गए इस नए रूट को 'D-919' नंबर दिया है. यह बस दिल्ली के द्वारका मोड़ से अपनी यात्रा शुरू करेगी, जो कि इसका पहला स्टॉप होगा. इसके बाद यह बस एनएसयूटी (NSUT), डीपीएस स्कूल, मटियाला, महावीर एन्क्लेव पावर हाउस, द्वारका 6/10 क्रॉसिंग, द्वारका कोर्ट, इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका 19/10 क्रॉसिंग, सेक्टर 22, वेदांता होटल, द्वारका सेक्टर 21 मेट्रो स्टेशन, यशोभूमि मेट्रो स्टेशन, भरथल और बिजवासन से होते हुए कापसहेड़ा मोड़ पहुंचेगी. कापसहेड़ा मोड़ से आगे बढ़ते हुए यह बस अपने अंतिम स्टॉप कापसहेड़ा बॉर्डर तक जाएगी.
प्रदूषण से मिलेगी राहत, चलेगी इलेक्ट्रिक बस
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए डीटीसी ने इस नए रूट D-919 पर पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बसें चलाने का फैसला किया है. इससे दिल्ली वालों को सफर की सुविधा मिलने के साथ-साथ प्रदूषण से भी बड़ी राहत मिलेगी. दरअसल, पिछले कुछ दिनों में डीटीसी के बेड़े में जो नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई थीं, उन्हीं में से बसों को इस नए रूट पर उतारा गया है ताकि यात्रियों को एक आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल सफर का अनुभव मिल सके.
अपने इलाके के लिए आप भी कर सकते हैं मांग
डीटीसी की इस पहल के साथ ही आम जनता के लिए एक और बड़ी सुविधा उपलब्ध है. अगर दिल्ली के किसी इलाके या रूट पर डीटीसी की बसें नहीं चलती हैं, तो वहां के निवासी डीटीसी को अपना फीडबैक या कंप्लेंट भेज सकते हैं. यदि किसी क्षेत्र में बस सेवा की भारी मांग होती है, तो डीटीसी यात्रियों की जरूरत को समझते हुए उस नए रूट पर भी बस सेवा शुरू करने पर विचार करती है, ठीक उसी तरह जैसे बिजवासन और कापसहेड़ा के लोगों की मांग पर यह नया रूट शुरू किया गया है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


