दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के परिणाम आने के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है. चुनावी नतीजों के बीच विजय मीणा ने बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि वे और उनके समर्थक चुनाव हारे नहीं हैं, बल्कि उन्होंने यह चुनाव जीता है. इस दौरान उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के उन तमाम छात्रों के प्रति अपनी विशेष कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने इस मुश्किल और कड़े मुकाबले में उनका साथ दिया और उनके समर्थन में खड़े रहे.
ADVERTISEMENT
प्रमुख कॉलेजों में बड़े पैमाने पर बोगस वोटिंग के आरोप
विजय मीणा ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कई शिक्षण संस्थानों में धांधली का पर्दाफाश किया है. उनका आरोप है कि मतदान के दौरान धांधली की गई और स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज, रामदास (रामजस) कॉलेज तथा शिवाजी कॉलेज जैसे प्रमुख कॉलेजों में खुलेआम बोगस वोटिंग को अंजाम दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को जबरन पकड़-पकड़ कर वोट डलवाने के लिए मजबूर किया गया और इतना ही नहीं, उनके आईडी कार्ड्स (पहचान पत्र) तक ले लिए गए ताकि वे अपनी इच्छा के विरुद्ध मतदान करने के लिए विवश हो सकें.
शिकायत दर्ज और न्याय के लिए कोर्ट का रुख
धांधली और फर्जीवाड़े के इन गंभीर मामलों को लेकर विजय मीणा और उनकी टीम ने चुप बैठने से इंकार कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अनियमित्ताओं को लेकर कल ही आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है. अब इस पूरी चुनावी धांधली और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और इस अन्याय के खिलाफ एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे.
कड़े मुकाबले में डीयू चुनाव के परिणाम
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के 20 राउंड की मतगणना के बाद जारी फाइनल वोटों के आंकड़ों के अनुसार, अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास (24,576 वोट) ने एनएसयूआई के विजय मीणा (22,523 वोट) को मात दी, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशू शौकीन (30,615 वोट) ने बाजी मारी, जिनके मुकाबले एबीवीपी के इशु मौर्य को 16,910 और एनएसयूआई के वीर चत्रथ को 4,313 वोट मिले. वहीं सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी (21,650 वोट) ने एनएसयूआई की नम्रता चौधरी (14,869 वोट) को हराया, और संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह (16,641 वोट) विजयी रहे, जिन्हें एनएसयूआई के गोपाल चौधरी (15,106 वोट) और निर्दलीय विशेष यादव (15,778 वोट) से कड़ी टक्कर मिली.
NSUI से टिकट कटा तो निर्दलीय मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन, जानिए DUSU के नए उपाध्यक्ष की पूरी कहानी
ADVERTISEMENT


