दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं. मतगणना पूरी होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार प्रमुख पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है. ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. वहीं रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित हुए. उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की.
ADVERTISEMENT
अध्यक्ष पद पर यश डबास की जीत
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच मुकाबला देखने को मिला. मतगणना के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त कई बार बदली, लेकिन अंतिम राउंड में यश डबास ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली. 20 राउंड की मतगणना के बाद यश डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले. इस तरह यश डबास ने 2,053 वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की.
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन जीते
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की. शौकीन ने शुरुआत से ही मजबूत बढ़त बनाए रखी और अंतिम नतीजे में सबसे अधिक वोट हासिल किए. दीपांशु शौकीन को 30,615 वोट मिले. ABVP के ईशू मौर्य को 16,910 वोट, जबकि NSUI के वीर छत्र राठौर को 4,313 वोट मिले.
सचिव पद पर रिया छावड़ी विजयी
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की. मतगणना के दौरान वह बढ़त बनाए रखने में सफल रहीं। अंतिम आंकड़ों में रिया छावड़ी को 21,650 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले. इस तरह रिया छावड़ी ने 6,781 वोटों के अंतर से सचिव पद अपने नाम किया.
संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह की जीत
संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP ने जीत दर्ज की. ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 16,641 वोट मिले. NSUI के गोपाल चौधरी को 15,106 वोट, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव को 15,778 वोट मिले. लक्ष्य राज सिंह ने सबसे अधिक वोट हासिल करते हुए संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की.
ABVP के खाते में तीन पद
DUSU चुनाव के नतीजों के बाद ABVP के खाते में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन पद आए हैं. वहीं उपाध्यक्ष पद निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने जीता है. इस तरह चारों केंद्रीय पदों में NSUI कोई पद हासिल नहीं कर सकी. दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए 18 सितंबर को मतदान हुआ था. इसके बाद 19 सितंबर को मतगणना की गई और अंतिम परिणाम सामने आए.
कौन हैं यश डबास जो बने DUSU के नए अध्यक्ष? जानिए पढ़ाई से लेकर टेनिस और छात्र राजनीति तक का सफर
ADVERTISEMENT


