देश की राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका लाजपत नगर बीती रात जंग का मैदान बन गया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हाथ में मोटा डंडा लिए कुछ युवतियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटता और उनका पीछा करता नजर आ रहा है. इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में चीख-पुकार मची हुई है और कुछ युवतियां अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर भाग रही हैं. पीछे से एक युवक हाथ में डंडा लेकर उन्हें डरा रहा है और हमला करने की कोशिश कर रहा है. सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक भी इस खौफनाक मंजर को देखकर अपनी गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलते नजर आए.
सेक्स वर्कर्स और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के दावे
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर कई तरह की थ्योरीज चल रही हैं. कुछ यूजर्स का दावा है कि यह विवाद स्थानीय लोगों और वहां खड़ी कथित सेक्स वर्कर्स के बीच हुआ है. वहीं, कुछ लोग इसे आपसी रंजिश या किसी बात पर हुई कहासुनी का नतीजा बता रहे हैं. हालांकि, अभी तक इस घटना के पीछे की असली वजह की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस ने किसी विशेष थ्योरी पर मुहर लगाई है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर डंडा लहराने वाले युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली पुलिस लाजपत नगर और आसपास के इलाकों में अवैध स्पा सेंटरों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा और सच्चाई सामने लाई जाएगी.
सुरक्षा पर उठे सवाल
लाजपत नगर जैसे व्यस्त और वीआईपी इलाके में सरेआम इस तरह की गुंडागर्दी ने स्थानीय निवासियों को डरा दिया है. आधी रात को हुई इस अफरातफरी और हिंसा ने दिल्ली की सड़कों को महिलाओं के लिए असुरक्षित साबित करने वाली बहस को फिर से जिंदा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: Delhi Crime: बीजेपी नेता के घर दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 15 मिनट में 43 तोला सोना और लाखों का कैश ले उड़ा
ADVERTISEMENT


