Ghaziabad News: किसी परिवार में जब किसी की मौत होती है तो सबसे बड़ी चिंता उसके अंतिम संस्कार और पीछे छूट गए अपनों की होती है. लेकिन गाजियाबाद के खोड़ा में एक युवक की मौत के बाद जो हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. 35 साल के रामलखन का शव घर पहुंचा तो अंतिम संस्कार की जगह विवाद शुरू हो गया. वहां दो महिलाएं खुद को उसकी पत्नी बता रही थीं. दोनों के दो-दो बच्चे हैं, लेकिन हैरानी की बात यह थी कि दोनों को एक-दूसरे के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी. मौत के बाद सामने आए इस रिश्ते ने पूरे परिवार को आमने-सामने ला खड़ा किया. मामला इतना बढ़ा कि अंतिम संस्कार रोक दिया गया और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
ADVERTISEMENT
पति की मौत के बाद खुला दो शादियों का राज
जानकारी के मुताबिक, रामलखन की पहली शादी साल 2007 में कानपुर के कल्याणपुर की रहने वाली नीलम से हुई थी. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि साल 2014 से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट तक पहुंच गया था. इसी बीच आरोप है कि बिना तलाक लिए रामलखन की दूसरी शादी साल 2021 में फर्रुखाबाद की रहने वाली कोमल से करा दी गई. इस शादी से भी उनके दो बच्चे हैं.
रामलखन दूसरी पत्नी कोमल के साथ गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहते थे. बताया जा रहा है कि पहली पत्नी नीलम और दूसरी पत्नी कोमल को एक-दूसरे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. रामलखन की मौत के बाद जब दोनों परिवार आमने-सामने आए तो दो शादियों का यह मामला सामने आया.
पहली पत्नी बोली- संपत्ति के लालच में दिया गया धीमा जहर
रामलखन की मौत के बाद पहली पत्नी नीलम भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि साल 2014 से उनका कोर्ट में मामला चल रहा है. उन्हें पति की दूसरी शादी के बारे में जानकारी नहीं थी. जब रामलखन की बीमारी का पता चला तो वह उनसे मिलने पहुंचीं और तभी दूसरी शादी की बात सामने आई.
नीलम ने अपनी सास और ननदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संपत्ति के लालच में रामलखन को धीमा जहर देकर मार दिया गया. उन्होंने इलाज में लापरवाही का भी शक जताया. नीलम का कहना था कि उनके दो बच्चे हैं और उनके भविष्य की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. उन्होंने सास, ननद और नंदोई को मौके पर बुलाने की मांग की.
दूसरी पत्नी ने बताया- इलाज के बहाने घर से ले गए थे परिवार के लोग
दूसरी पत्नी कोमल वर्मा ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. उनके मुताबिक, करीब एक महीने पहले रामलखन की बहन, बहनोई और परिवार के कुछ अन्य सदस्य उन्हें इलाज के बहाने अपने साथ ले गए थे. कोमल को बताया गया था कि रामलखन को आगरा ले जाया जा रहा है.
कोमल का आरोप है कि रामलखन को सामान्य बीमारी थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट में बीमारी को बढ़ा-चढ़ाकर कैंसर बताया गया. इसके बाद उन्हें आगरा ले जाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया. कोमल ने यह भी आरोप लगाया कि रामलखन के साथ ले जाए गए कार्ड से पैसे निकाले गए और परिवार के कुछ लोग होटल में ठहरे हुए थे.
उन्होंने बताया कि जब वह अचानक होटल पहुंचीं तो उनके साथ अभद्रता की गई और बच्चों को भी दुत्कार दिया गया. कोमल के मुताबिक, 17 तारीख की रात को रामलखन की बहन श्रुति और सास कमला देवी घर आई थीं. उस दौरान विवाद हुआ तो पुलिस को बुलाना पड़ा.
कोमल का कहना है कि मंगलवार रात करीब एक बजे और फिर बुधवार को कुलदीप के फोन से उन्हें रामलखन की मौत की जानकारी मिली. उनका आरोप है कि करीब एक महीने से उनकी रामलखन से बातचीत भी बंद करा दी गई थी. उन्होंने ससुराल पक्ष पर संपत्ति बेचकर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाते हुए सभी संबंधित लोगों को मौके पर बुलाने की मांग की.
अंतिम संस्कार रोककर दोनों पत्नियों ने रखीं ये मांगें
रामलखन की मौत के बाद जब शव खोड़ा के नवनीत विहार पहुंचा तो दोनों पत्नियों ने अंतिम संस्कार का विरोध शुरू कर दिया. उनका कहना था कि पहले चारों बच्चों के भविष्य और संपत्ति में उनके कानूनी अधिकार तय किए जाएं. दोनों ने रामलखन की मां, बहनों और बहनोई पर इलाज में लापरवाही और संपत्ति के लालच में स्लो पॉइजन देने का शक जताया. इस दौरान खोड़ा की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रीना भाटी भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की. हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की.
पुलिस ने मौत की वजह क्या बताई?
पुलिस के मुताबिक, रामलखन पैंक्रियाज कैंसर से पीड़ित थे. वह पिछले करीब डेढ़ से दो महीने से बीमार थे और दिल्ली में अपनी मां व बहनों के साथ रह रहे थे. एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हुई थी. पुलिस ने मौत की वजह कैंसर बताई है. वहीं, दोनों पत्नियों की ओर से लगाए गए स्लो पॉइजन और इलाज में लापरवाही के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस की समझाइश के बाद मौके पर विवाद शांत हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए आगरा स्थित अपने पैतृक आवास लेकर रवाना हो गए. हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक ही व्यक्ति की दो शादियों की जानकारी दोनों परिवारों को उसकी मौत के बाद कैसे मिली? वहीं, चारों बच्चों के भविष्य और संपत्ति में उनके अधिकार का मामला भी अब अहम हो गया है.
यह भी पढ़ें: मेरठ: होटल से निकलकर भागी युवती बीच सड़क पर चिल्लाई-'बचाओ', फिर भी खींच ले गया सलमान
ADVERTISEMENT


