Ghaziabad news: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक सबसे VIP और रिहाइशी इलाके में स्थित आलीशान कोठी में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इस रैकेट को चलाने वाली कोई मामूली महिला नहीं, बल्कि राजनगर एक्सटेंशन की रहने वाली एक बेहद हाई-प्रोफाइल लेडी है. पुलिस ने जब इस कोठी के भीतर छापा मारा तो अंदर का नजारा देखकर खुद अधिकारियों के पैरों तले जमीन खिसक गई.
ADVERTISEMENT
पॉश कॉलोनी में किराये पर ली थी कोठी
मामला गाजियाबाद के सबसे महंगे और संभ्रांत इलाकों में शुमार शास्त्री नगर के सी-ब्लॉक का है. पुलिस के मुताबिक, राजनगर एक्सटेंशन की रहने वाली इस मुख्य आरोपी महिला ने कुछ महीने पहले ही शास्त्री नगर में एक बड़ी कोठी किराये पर ली थी. आस-पास के लोगों को लगा कि कोई संभ्रांत परिवार यहां रहने आया है. लेकिन, महिला का असली मकसद इस शांत और वीआईपी इलाके की आड़ में बड़े रसूखदारों को सर्विस देना था.
दिन में सन्नाटा, रात में लग्जरी गाड़ियों की कतार
मिली जानकारी के अनुसार, ये एक पॉश इलाका है, इसलिए यहां दिन और रात के वक्त अमूमन सड़कों पर सन्नाटा रहता है. इसी बात का फायदा उठाकर महिला ने अपने वीवीआईपी क्लाइंट्स को यहां बुलाना शुरू किया ताकि उनकी पहचान छिपी रहे. कोठी के बाहर लगातार संदिग्ध और महंगी गाड़ियों का आना-जाना देखकर मोहल्ले वालों को शक हुआ. स्थानीय लोगों ने चुपके से इस संदिग्ध गतिविधि को नोट किया और इसकी शिकायत गाजियाबाद पुलिस से कर दी.
कमरों में आपत्तिजनक हालत में मिले लोग
शिकायत मिलते ही गाजियाबाद पुलिस ने जाल बिछाया. गुरुवार की देर रात पुलिस की कई गाड़ियां अचानक इस कोठी के बाहर आकर रुकीं. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए कोठी के अंदर धावा बोल दिया. कोठी के अंदर कुल तीन कमरे बने हुए थे, जिनमें से दो कमरों के भीतर देह व्यापार का धंधा धड़ल्ले से चल रहा था.
पुलिस ने मौके से मुख्य सरगना महिला समेत कुल 3 महिलाओं और 2 पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए सभी 5 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
मकान मालिक भी जांच के घेरे में
इस बड़े खुलासे के बाद अब कोठी का मकान मालिक भी पुलिस के रडार पर आ गया है. पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि क्या मकान मालिक ने महिला को कोठी किराये पर देने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन कराया था या नहीं? कहीं इस काले धंधे में मकान मालिक की भी कोई मिलीभगत तो नहीं है? फिलहाल, पुलिस महिला के मोबाइल रिकॉर्ड्स और क्लाइंट लिस्ट को खंगाल रही है ताकि गाजियाबाद के अन्य इलाकों में चल रहे इसके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके.
ADVERTISEMENT


