"गोवा में BJP हारी तो 5 दिन में वापस होगा E20 पेट्रोल": अरविंद केजरीवाल का पीएम मोदी पर तीखा हमला, AAP की सरकार बनाने की अपील

न्यूज तक डेस्क

• 10:41 PM • 08 Aug 2026

गोवा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 90% गोवावासी E20 पेट्रोल से परेशान हैं. उन्होंने जनता से AAP सरकार बनाने और भाजपा को हराने की अपील की ताकि E20 वापस लिया जा सके.

NewsTak
Google CTA

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है. गोवा दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि देश और विशेषकर गोवा की जनता 'E-20 पेट्रोल' से बेहद परेशान है. उन्होंने गोवावासियों से अपील की कि आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर 'आप' की सरकार बनाएं, ताकि केंद्र सरकार को E-20 फैसला वापस लेने के लिए मजबूर किया जा सके.

Read more!

"90% गोवावासी E20 पेट्रोल से परेशान, घट रही माइलेज"

अरविंद केजरीवाल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर जहां केवल 7 प्रतिशत परिवारों के पास कारें हैं, वहीं गोवा में लगभग 45 प्रतिशत परिवारों के पास कार और 86 प्रतिशत के पास टू-व्हीलर हैं.

केजरीवाल ने कहा, "गोवा के 85 से 90 फीसदी परिवार E20 पेट्रोल की वजह से प्रभावित हैं. गाड़ियो की माइलेज 25 से 30 फीसदी तक गिर चुकी है, इंजन खराब हो रहे हैं, फ्यूल सिस्टम में जंग लग रहा है और गाड़ियां सीज़ हो रही हैं. इसके बावजूद मोदी सरकार इसे वापस नहीं ले रही है."

3 साल में जबरन E20 थोपने का आरोप 

दुनिया भर के उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा कि ब्राजील जैसे देशों ने E20 और E100 लागू करने में 50 साल का समय लिया (1931 में E5 से शुरुआत कर 1985 में E20 लागू किया). लेकिन भारत सरकार ने 2022 में फैसला लेकर महज 3 साल (2025 तक) में इसे पूरे देश पर जबरन थोप दिया. 

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के पेट्रोल पंपों के स्टोरेज टैंक और 2023 से पहले बनी करीब 30 करोड़ गाड़ियां E20 के अनुकूल नहीं हैं. टैंकों में मॉइश्चर (नमी) बनने से पानी जमा हो रहा है, जिससे गाड़ियां बंद पड़ रही हैं. 

"जब तक नीति साफ न हो, न खरीदें पेट्रोल-डीजल गाड़ियां" 

केजरीवाल ने आम जनता को सलाह दी कि जब तक सरकार इथेनॉल मिश्रण को लेकर अपनी नीति स्पष्ट नहीं करती, तब तक लोग पेट्रोल-डीजल की गाड़ियां खरीदने से बचें और इसके बजाय इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) को प्राथमिकता दें. उन्होंने अंदेशा जताया कि सरकार भविष्य में बिना पर्याप्त टेस्टिंग के E40, E50 और E60 लागू करने की तैयारी में है. 

"कांग्रेस को वोट देने से फायदा नहीं, BJP को हराना ही एकमात्र रास्ता" 

राजनीतिक संदेश देते हुए केजरीवाल ने कहा, "अगर गोवा और उत्तर प्रदेश में भाजपा चुनाव हार जाती है, तो चुनाव नतीजे आने के महज 5 दिन के अंदर मोदी सरकार पूरे देश से E20 पेट्रोल का फैसला वापस ले लेगी."

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देने का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि उनके विधायक जीतकर बाद में भाजपा में शामिल हो जाते हैं. इसलिए गोवा की जनता आम आदमी पार्टी को मौका दे, ताकि जनता के मुद्दों पर केंद्र को निर्णय बदलने पर मजबूर किया जा सके.