दिल्ली की सियासत में इन दिनों हर दिन एक नया और आक्रामक पैटर्न देखने को मिल रहा है. राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सांसद आज लगातार तीसरे दिन सड़कों पर हैं. आज का यह मार्च देश की राजधानी के ऐतिहासिक स्थल राजघाट की ओर बढ़ रहा है.
इस विरोध प्रदर्शन का सिलसिला पिछले दो दिनों से एक सुनियोजित रणनीति के तहत चल रहा है. हर दिन की शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी सांसदों की लंच मीटिंग से होती है, जहां रणनीति तय करने के बाद सभी सांसद बसों में सवार होकर अपने गंतव्य की तरफ निकलते हैं. बुधवार को जहां विपक्षी दलों का निशाना जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना था, वहीं आज का पूरा फोकस राजघाट पर केंद्रित है.
बीते दिन यानी बुधवार को भी सियासी ड्रामा चरम पर रहा था, जब धरने पर बैठने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. आज के इस मार्च को लेकर स्थिति और भी तनावपूर्ण नजर आ रही है. राहुल गांधी ने दावा किया है कि इस बार उनके साथ 300 से अधिक विपक्षी सांसद एकजुट होकर मार्च में शामिल हो रहे हैं. उनका सीधा आरोप है कि सरकार लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध करने के उनके अधिकारों का हनन कर रही है और उन्हें लगातार रोका जा रहा है. दूसरी ओर, प्रशासन और दिल्ली पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है. राजघाट और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
अब देश की निगाहें अगले कुछ घंटों पर टिकी हैं कि क्या पुलिस प्रशासन विपक्षी सांसदों को राजघाट तक पहुंचने की अनुमति देगा या कल की तरह एक बार फिर टकराव की स्थिति बनेगी. पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें...
- 05:05 PM • 08 Oct 2026
प्रदीप भंडारी का कांग्रेस पर हमला: 'लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं राहुल गांधी'
बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा, कांग्रेस पार्टी 'भारत के लोगों' के खिलाफ लड़ रही है. यह लड़ाई अब कांग्रेस पार्टी, उसके कार्यकर्ताओं और गांधी-वाड्रा परिवार बनाम भारत की जनता के बीच की बन चुकी है, जो पार्टी की गुंडागर्दी को खामोश रहकर देख रही है. वे लोग बैलेट पेपर पर वापस लौटने की बात करते थे. हालांकि, हमने हाल ही में असम और त्रिपुरा जैसी जगहों पर हुए चुनाव देखे. वहां भी कांग्रेस पार्टी हार गई, जबकि वहां ईवीएम ही एकमात्र कारक नहीं था. आज कड़वी सच्चाई यह है कि राहुल गांधी को यह अहसास हो गया है कि जनता का उनमें भरोसा नहीं बचा है. यही वजह है कि लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में न आ पाने के कारण वह खुद लोकतंत्र पर हमला बोल रहे हैं. वह संवैधानिक प्राधिकार और भारत के सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना करके देश में एक लोकतांत्रिक संकट (डेमोक्रेटिक डिफिसिट) पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. क्या राहुल गांधी और गांधी-वाड्रा परिवार देश की न्यायपालिका से ऊपर हैं?... भारत के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा राहुल गांधी की मनमानी अराजकता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बेलगाम गुंडागर्दी और उस बेसिर-पैर के आरोपों से है जो गांधी-वाड्रा परिवार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगाता है.
- 04:44 PM • 08 Oct 2026
INDIA Bloc Rajghat Protest: राजघाट पहुंचे राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद
Opposition MPs Protest LIVE: दिल्ली के राजघाट पर धरना देने के लिए राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद पहुंच चुके है. मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ ही देर में अब सारे विपक्षी वहां धरना देने वाले है.
- 04:14 PM • 08 Oct 2026
Rajghat Protest LIVE: राजघाट पर कैसी है स्थिति?
दिल्ली में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA) के नेताओं के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर गांधी स्मारक (राजघाट) पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT


