दिल्ली से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है. दिल्ली के प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेर-बदल हुआ है और यहां पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात सतीश गोलचा को हटा दिया गया है. अब उनकी जगह अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर बनाया गया है और उन्होंने कमान संभाल ली है. गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को ही यह आदेश जारी किया है. अचानक हुए इस बदलाव के बाद दिल्ली में चर्चाएं तेज हो गई है क्योंकि बताया जा रहा है कि सतीश गोलचा अप्रैल 2027 में रिटायर होने वाले थे. ऐसे में रिटायरमेंट के महज कुछ महीने पहले हुए इस बदलाव के बाद कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं. आइए जानते हैं कौन हैं IPS सतीश गोलचा, कैसी रही उनकी प्रशासनिक जर्नी, क्या है उनके हटाने की इनसाइड स्टोरी और दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कौन हैं IPS सतीश गोलचा?
मिली जानकारी के मुताबिक, सतीश गोलचा गुजरात कैडर के 1992 बैच के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी है. वो गुजरात के रहने वाले है और उनके पास भारतीय पुलिस सेवा में 32 साल से ज्यादा का अनुभव है. IPS सतीश गोलचा एक योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट यानी CA भी है और उन्होंने कामकाज और मैनेजमेंट प्रबंधन के अलग-अलग कामों में हमेशा बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. गोलचा ने अपने करियर के दौरान अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारियां संभाली है.
दिल्ली में कई महत्वपूर्ण पदों पर किया काम, राष्ट्रपति से भी मिला सम्मान
IPS सतीश गोलचा ने अपने करियर के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई बड़े और अहम पदों पर काम किया है. वे कई जिलों के डीसीपी (DCP) रहे हैं और उन्होंने ट्रैफिक, स्पेशल सेल (विशेष दस्ता), और क्राइम ब्रांच जैसी खास टीमों को भी संभाला है. अगस्त 2025 में उन्हें दिल्ली पुलिस का कमिश्नर बनाया गया था.
दिल्ली के अलावा, उन्होंने फरवरी 2022 से जून 2023 तक अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी (DGP - पुलिस प्रमुख) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं. इसके साथ ही, स्पेशल पुलिस कमिश्नर के तौर पर उन्होंने जेल प्रशासन, इंटेलिजेंस (खुफिया विभाग), और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) जैसी कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाली है. साथ ही उनकी उत्कृष्ट सेवा और प्रशासनिक कामकाज को देखते हुए साल 2018 में उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक(President’s Police Medal for Distinguished Service) से सम्मानित किया गया था.
हटाने के पीछे की इनसाइड स्टोरी
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सतीश गोलचा की जगह अनुराग कुमार की नियुक्ति की गई है. इसका मुख्य उद्देश्य राजधानी में खुफिया जानकारी आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाना है. अनुराग कुमार के पास इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में काम करने का लंबा और गहरा अनुभव है. आईबी में स्पेशल डायरेक्टर रहते हुए उन्होंने आतंकवाद निरोधी अभियानों, जासूसी विरोधी कार्रवाई (काउंटर-एस्पियोनेज) और देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मोर्चों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है.
अब जब उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर की कमान संभाली है, तो उनके खुफिया अनुभव का सीधा फायदा राजधानी को मिलेगा. खासकर आगामी बड़े राष्ट्रीय आयोजनों के मद्देनजर, जहां अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत होगी, उनका यह तजुर्बा दिल्ली पुलिस के लिए बेहद कारगर साबित होने वाला है.
अब LG को करेंगे रिपोर्ट
शुक्रवार को गृह मंत्रालय से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि वर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा(AGMUT:1992) नए पुलिस कमिश्नर के पदभार संभालते के बाद आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल(LG) को रिपोर्ट करेंगे.
कौन हैं नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार?
बताया जा रहा है कि दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार 1994 बैच के IPS ऑफिसर है. वह इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे. गुरुवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) ने उन्हें आईबी (IB) से हटाकर उनके मूल कैडर (AGMUT) में वापस भेज दिया था. इसके ठीक अगले ही दिन उन्हें दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर बना दिया गया.
ADVERTISEMENT


