साउथ दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में IRS अफसर की 22 साल की बेटी की हत्या मामले में रौंगटे खड़े करने वाले अपडेट सामने आए हैं. आरोपी राहुल मीणा ने पूछताछ में मकान में एंट्री लेने से लेकर युवती को बेहोश करने और घसीटते हुए नीचे के फ्लोर पर लाने, कपड़े फाड़कर रेप करने लॉकर खोलने, कपड़े बदलने से लेकर घर से बाहर निकलकर पार्क में घूमने की पूरी घटना को कथित तौर पर सिलसिलेवार बताया है. पुलिस आरोपी तक कैसे पहुंची ये जानकारी भी अब सामने आ गई है.
ADVERTISEMENT
बुधवार को 23 साल का आरोपी राहुल मीणा 4 लेयर की सिक्योरिटी को चकमा देकर मकान के भीतर घुसा. राहुल यहां नौकर रह चुका था. उसे पता था कि अफसर और उनकी पत्नी सुबह 6 बजे जिम जाते हैं. उसे घर के लोगों का रूटीन, घर के पूरे मैप के अलावा ताले, पासकोड और चाबियों की जगह के बारे में पूरी जानकारी थी. राहुल को ये पता था कि बिना किसी का ध्यान खींचे कैसे मकान में एंटर करना है.
आरोपी राहुल ने ऐसे ली एंट्री
आरोपी राहुल इस बात की ताक में था कि जैसे ही अफसर और उसकी पत्नी जिम के लिए निकलें तो वो घर में एंट्री मारे. बुधवार को सुबह 6 बजे IRS अफसर और उनकी पत्नी जिम के लिए निकल गए. घर में 22 साल की बेटी थी जो UPSC की तैयारी कर रही थी. होनहार बेटी जो 12वीं क्लास में पूरे देश में टॉप कर चुकी थी, वो पढ़ रही थी. जिम जाने से पहले पैरेंट्स ने ही उसे जगाया और पढ़ने के लिए बोलकर चले गए.
सुबह 6:28 बजे आरोपी राहुल ने मकान में ली एंट्री
सुबह करीब 6:28 बजे पीली शर्ट और काली पैंट पहने हुए आरोपी राहुल ने रिहायशी कॉम्प्लेक्स में एंट्री मारी. कॉम्प्लेक्स में घुसता हुआ वो सीसीटीवी में कैद हो गया. घर में जब वो गया तो युवती छत पर बने स्टडी रूम में पढ़ रही थी. आरोपी चुपके से छत पर गया. वो युवती के साथ फिजिकल रिलेशन बनाना चाहता था. इसलिए उसने गला घोंटकर उससे काबू में करना चाहता था. जैसे ही उसने ये सब शुरू किया तो पीड़िता ने इसका विरोध किया. इसपर आरोपी ने पास रखे लैंप और किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर दे मारा. चोट लगने से पीड़िता बेहोश हो गई.
बेहोश हुई युवती के साथ रेप किया और घसीटा
इधर बेहोश हो चुकी युवती के साथ आरोपी राहुल ने कथित तौर पर रेप किया. इसके बाद उसे घसीटते हुए वो नीचे के फ्लोर पर ले आया जहां पर सेफ रखा हुआ था. उसने युवती के फिंगर प्रिंट से सेफ खोलने की कोशिश की पर ये कोशिश नाकाम रही. शायद मृतका के हाथों में खून लगा था इसलिए बायोमेट्रिक सिस्टम उसके अंगूठे का निशान नहीं पढ़ पाया होगा. फिर आरोपी ने स्कूड्राइवर का इस्तेमाल कर सेफ खोला और कैश-गहने चुरा लिया. इसे घर में पड़े एक बैग में रख लिया.
पीड़िता के भाई की पैंट और चप्पलें पहनीं
आरोपी के पैंट और जूते में खून के धब्बे लग गए थे. ऐसे में उसने पीड़िता के भाई की पैंट और चप्पल पहन ली और अपने कपड़े वहीं छोड़ दिया. पीड़िता को भी उसी हालत में फर्श पर छोड़कर वो घर से निकल गया. करीब 7:22 बजे वो घर से बाहर आया और पास के पार्क में रुका. इसके बाद उसने ऑटोरिक्शा लिया और द्वारका चला गया. यहां एक होटल में उसने चेक-इन किया और स्टे कर लिया.
पैरेंट्स पहुंचे तो बेटी फर्श पर अर्धनग्न पड़ी थी
करीब 8 बजे पैरेंट्स जब घर पहुंचे तो घर में सामान बिखरे पड़े थे. बेटी फर्श पर अर्धनग्न पड़ी थी. कमर के नीचे कपड़े नहीं थे. बेटी खून से सनी थी. 8:15 पर पिता ने पुलिस को फोन किया. पुलिस मौके पर गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने इकट्ठे किए. पुलिस ने मामले में रेप, हत्या और लूट का केस दर्ज कर लिया गया है. यौन उत्पीड़न की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
CCTV खंगाला तो हुआ चौंकाने वाला खुलासा
इधर क्राइम की गुत्थी सुलझाने और आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 15 अलग-अलग टीमें बनाई. कॉम्प्लेक्स और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. घर वालों से पूछताछ की. पता चला कि उनके यहां राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना इलाके का रहने वाला राहुल मीणा नौकर था. राहुल को एक अस्पताल के रेफरेंस से अधिकारी ने अपने यहां काम पर रखा था. आरोपी करीब 8 महीने यहां काम कर चुका था. वो अक्सर पैसे लेता था पर दुकान पर देने की बजाय घर के सामान उधार ले आता था. वित्तीय गड़बड़ियों के साथ वो ऑनलाइन सट्टेबाजी भी करता था. आरोप है कि आरोपी ने आसपास के घरों में काम करने वालों से भी पैसे उधार ले लिए थे जो लौटा नहीं रहा था. ऐसे में 6 हफ्ते पहले IRS अफसर ने उसे काम से हटा दिया था. काम छोड़ने के बाद वो गांव लौट गया था और पैसे की कमी से जूझ रहा था.
अलवर पुलिस ने जो बताया वो हैरान करने वाला था
इधर दिल्ली पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी लेने के लिए अलवर पुलिस से संपर्क किया तो हैरान करने वाली बात सामने आई. अलवर पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 21 अप्रैल यानी मंगलवार की रात को पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा महिला का रेप किया. उसे चोटिल भी किया और किसी से न बताने की धमकी देकर दिल्ली निकल गया. आरोपी के खिलाफ पीड़िता ने राजगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है. अलवर पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुटी है.
ऑटोरिक्शा ड्राइवर ने पहुंचाया आरोपी तक
पुलिस की टीम जांच करते-करते उस ऑटोरिक्शा ड्राइवर तक पहुंची जो कथित रूप से आरोपी को लेकर द्वारका गया था. पुलिस उसे लेकर द्वारका पहुंची तब ड्राइवर ने कथित रूप से बताया कि उसने आरोपी को एक होटल के पास छोड़ा था. पुलिस ने होटल में तलाशी ली तो आरोपी वहां मिल गया. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थ पीड़िता
मृतका इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी. पढ़ने में काफी होनहार और माता-पिता की लाडली थी. माता-पिता को बेटी पर बहुत नाज था. मृतका UPSC की तैयारी कर रही थी. घटना वाले दिन पिता ने उसे जगाया था और पढ़ने के लिए कहा था. किसी को क्या पता था कि पुराने नौकर की गंदी नीयत और उसके मासूम चेहरे के पीछे उसकी खौफनाक सच्चाई कोई विभत्स खेल खेलने वाली है. पिता को क्या पता था कि वे बेटी से अपने आखिरी शब्द कह रहे थे. बेटी आखिरी बार पिता की बात मानकर पढ़ने बैठी थी. इस घटना के बाद परिवार सदमे में हैं.
ADVERTISEMENT


