Janakpuri Food Vendor Viral Video Truth: सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इन दिनों एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक फूड वेंडर का खाना जमीन पर बिखरा पड़ा है और वह रोता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो में पुलिसकर्मी और लोगों की भारी भीड़ भी नजर आ रही है. इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा था कि पुलिस की वजह से वेंडर का नुकसान हुआ. हालांकि, जब इस वायरल वीडियो की पड़ताल की गई तो पूरे मामले की असली सच्चाई कुछ और ही निकलकर सामने आई.
ADVERTISEMENT
वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर की है घटना
पड़ताल में पता चला कि यह वायरल वीडियो वेस्ट दिल्ली जिले के जनकपुरी इलाके में स्थित डिस्ट्रिक्ट सेंटर का है. इस मामले पर वेस्ट जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर जो हिस्सा वायरल किया जा रहा है, वह घटना का केवल एक पार्ट है, जबकि मामले का पहला हिस्सा कुछ अलग ही कहानी बयां करता है.
पुलिस के समझाने पर वेंडर ने खुद पटका खाने का बर्तन
डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक, यह घटना 1 अगस्त की है. डिस्ट्रिक्ट सेंटर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई फूड वेंडर्स वहां अवैध रूप से स्टॉल लगा रहे हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसी सिलसिले में पुलिस टीम वहां पहुंची थी और वेंडर को समझा रही थी. तभी अचानक वेंडर को गुस्सा आ गया और उसने खुद ही खाने से भरा बर्तन उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे खाना चारों तरफ बिखर गया.
पुलिस के जाने के बाद रोने-चिल्लाने का वीडियो हुआ वायरल
डीसीपी ने आगे बताया कि घटना के दौरान जब पुलिसकर्मी वहां से चला गया, उसके बाद वेंडर जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने और रोने लगा. इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने इस दूसरे हिस्से का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया.
BNS की धाराओं में मामला दर्ज, डीसीपी ने की लोगों से अपील
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस फूड वेंडर के खिलाफ पहले भी अतिक्रमण और रास्ते में बाधा डालने की शिकायतें मिली थीं. इस मामले में संबंधित बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इसके साथ ही डीसीपी वेस्ट ने आम जनता से अपील की है कि बिना पूरी सच्चाई जाने वीडियो के केवल एक हिस्से को वायरल न करें, क्योंकि इससे गलतफहमी और माहौल खराब होता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर! चुनाव आयोग ने बढ़ाई SIR की डेडलाइन, जानिए कब आएगी फाइनल वोटर लिस्ट
ADVERTISEMENT


