Jantar Mantar News:देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर हलचल का केंद्र बना हुआ है. भले ही इस समय वहां कोई विरोध-प्रदर्शन न चल रहा हो, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली पुलिस पूरे इलाके में बहुस्तरीय सुरक्षा (मल्टी-लेयर सिक्योरिटी) का अभेद्य घेरा तैयार करने में जुटी है. सुरक्षा के इस नए खाके के तहत जंतर-मंतर पर लोहे के बड़े-बड़े बैरिकेड्स को बाकायदा वेल्डिंग मशीन से जोड़कर एक अटूट दीवार में तब्दील किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
वेल्डिंग कर बनाए गए 8 फीट ऊंचे अभेद्य बैरिकेड्स
सुरक्षा के नए इंतजामों के तहत जंतर-मंतर पर 7 से 8 फीट ऊंची पहली लेयर की भारी-भरकम बैरिकेडिंग लगाई गई है. इसके ठीक पीछे छोटे बैरिकेड्स की दूसरी परत बनाई गई है. खास बात यह है कि पुलिस ने इन छोटे बैरिकेड्स को आपस में अलग-अलग रहने देने के बजाय वेल्डिंग मशीन से जोड़कर एक अटूट दीवार में तब्दील कर दिया है. इसके अतिरिक्त अचानक भारी भीड़ या उपद्रवियों के जुटने की स्थिति से निपटने के लिए बैकअप के तौर पर अतिरिक्त बैरिकेड्स और भारी पुलिस बल की स्थायी तैनाती की गई है.
NEET पेपर लीक प्रदर्शन से लिया सबक
दरअसल, जंतर-मंतर पर हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भारी विरोध-प्रदर्शन किया गया था. इस दौरान अचानक इतनी भारी संख्या में भीड़ जुट गई थी कि पुलिस के लिए सुरक्षा संभालना एक बड़ी चुनौती बन गया था. हालांकि, बाद में सरकार और संगठन के बीच हुए समझौते के बाद आंदोलन समाप्त हो गया था. समझौते के तहत आम प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर न दर्ज करने की शर्त रखी गई थी. अब इसी घटना से कड़ा सबक लेते हुए अब दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. भविष्य में किसी भी अचानक उमड़ने वाली अनियंत्रित भीड़, अनहोनी या संभावित आंदोलन से सख्ती से निपटने के लिए पुलिस ने जंतर-मंतर पर अब तक की सबसे मजबूत किलेबंदी कर ली है.
FRS वैन से 2873 संदिग्धों की पहचान, पुलिस कार्रवाई की तैयारी
आंदोलन की आड़ में उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने अपनी आधुनिक फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) वैन का इस्तेमाल किया. एफआरएस वैन के कैमरों की मदद से भीड़ में शामिल 2,873 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो क्रिमिनल बैकग्राउंड के थे. सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने अंतरिम आदेश में स्पष्ट किया है कि आम छात्रों और सामान्य प्रदर्शनकारियों पर कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए, लेकिन माहौल बिगाड़ने की मंशा से आए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर पुलिस कानूनी कदम उठा सकती है.
फिर आंदोलन की धमकी के बाद सतर्क हुई पुलिस
अब पुलिस द्वारा इन्हीं 2,873 आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जिसे कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई बताकर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दे रही है. बार-बार मिल रही आंदोलन की धमकियों और भविष्य में भीड़ अनियंत्रित न हो, इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही अपनी कमर कस ली है और जंतर-मंतर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से मजबूत कर दिया है.
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस और बोला तीखा हमला! वीडियो हो रहा वायरल
ADVERTISEMENT


