जंतर-मंतर मारपीट केस में स्वतंत्र भारद्वाज की बढ़ी मुश्किलें, POCSO के बाद SC/ST एक्ट भी जुड़ा

अरविंद ओझा

• 08:57 AM • 05 Sep 2026

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान 14 वर्षीय छात्रा के पिता से मारपीट के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं. नाबालिग की ऑनलाइन धमकी की शिकायत पर उसके खिलाफ POCSO और क्रिमिनल इंटीमेशन में FIR दर्ज हुई है. वहीं पुरानी मारपीट की FIR में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं.

NewsTak
Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान 14 साल की छात्रा के पिता से मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली पुलिस ने पहले उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया. अब उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामले में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं.

Read more!

यह मामला 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान नाबालिग छात्रा के पिता के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी. इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को आरोपी बनाया गया था.

नाबालिग को ऑनलाइन धमकी देने का आरोप

मामले में नया मोड़ तब आया जब 14 वर्षीय छात्रा ने पुलिस से शिकायत की कि उसे सोशल मीडिया पर धमकियां दी जा रही हैं. शिकायत में स्वतंत्र भारद्वाज का नाम भी शामिल था.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्रिमिनल इंटीमेशन और POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की है. अब जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि नाबालिग को सोशल मीडिया पर धमकियां किस-किस व्यक्ति ने दीं. जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.

पुरानी FIR में SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं

नाबालिग के पिता से मारपीट के मामले में पहले ही FIR दर्ज थी. अब पुलिस ने इसी पुराने केस में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं. इससे आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. पुलिस की कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है.

वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद हिरासत

स्वतंत्र भारद्वाज को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था. यह कार्रवाई एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद हुई है.

बताया गया कि इस क्लिप में स्वतंत्र ने कथित तौर पर छात्रा के पिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की थी. इसी के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की कार्रवाई की.

23 जून को जंतर-मंतर पर क्या हुआ था?

घटना 23 जून 2026 की है. उस दिन CJP की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा था. शिकायतकर्ता अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ वहां पहुंचे थे.

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे वह अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन का वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान एक युवक से उनका विवाद हो गया. मामला बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया.

सिर पर लोहे की ठोस चीज से वार का आरोप

आरोप है कि दो से तीन युवकों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की. उनके सिर पर घूंसे मारे गए और लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस चीज से भी वार किया गया.

हमले में उनके सिर पर चोट लगी. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच में सिर पर दो कटे हुए घाव पाए गए.

पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दर्ज हुई थी FIR

पीड़ित की शिकायत पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी. यह मामला FIR नंबर 62/2026 के तहत दर्ज हुआ. इसमें BNS की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) लगाई गई थीं