12 लाख का झूमर, 9 लाख का बेड, 5 लाख के पर्दे...शीश महल के अंदर की तस्वीरें आईं सामने, सामान की कीमत देख चौंक जाएंगे

27 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 27 2026 12:25 PM)

अरविंद केजरीवाल के दिल्ली स्थित शीश महल की तस्वीरें पहली बार सामने आई हैं. मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा ने मीडिया को बंगले का दौरा कराया. यहां लाखों रुपये के सामान दिखाए गए. सरकार इसे आम जनता के लिए भी खोलेगी.

Sheesh Mahal
Sheesh Mahal
Google CTA

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास 'शीश महल' की तस्वीरें पहली बार सामने आई हैं. पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और मंत्री कपिल मिश्रा की मौजूदगी में मीडिया को बंगले के अंदर ले जाया गया. यहां कमरों से लेकर किचन तक में रखे सामान की कीमतें बताई गईं. तस्वीरों में कई सामान पर प्राइस टैग भी दिखाई दिए. एक झूमर की कीमत 12 लाख रुपये से ज्यादा है, जबकि पर्दों की कीमत लाखों में बताई गई है.

Read more!

58 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने का दावा

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस सरकारी आवास को पहली बार मीडिया के लिए खोला गया है. उन्होंने कहा कि इसे आम जनता भी देख सकेगी. इसके निर्माण पर 58 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए हैं.

बंगले के बाहर लगे बोर्ड पर कुल खर्च 58,83,66,314 रुपये बताया गया है. प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस आवास के निर्माण में जनता का पैसा लगा है. इसलिए लोगों को यह जानने का अधिकार है कि यहां किस तरह का निर्माण हुआ और किन चीजों पर कितना खर्च किया गया. मंत्री ने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के दौरान, जब लोग अपनी जान गंवा रहे थे, उस समय इस आवास के निर्माण से जुड़ी फाइल पर अर्जेंट हस्ताक्षर किए जा रहे थे.

आवास के सामान से नहीं हुई कोई छेड़छाड़

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के आवास छोड़ने के बाद से किसी ने भी इस बंगले का इस्तेमाल नहीं किया है. यहां रखी किसी भी वस्तु को हटाया या बदला नहीं गया है. उन्होंने बताया कि आवास में उस समय खरीदे गए सभी सामान के बिल और इनवॉइस मौजूद हैं. सरकार का कहना है कि मीडिया को वही सामान दिखाया जा रहा है, जो पहले से बंगले में रखा हुआ है.

प्रवेश वर्मा के मुताबिक, पहले दिन मीडिया को बंगला दिखाया गया है. इसके बाद PAC कमेटी इसका निरीक्षण करेगी. फिर इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लोग पूरे परिसर में घूमकर इसे देख सकेंगे.

12 लाख रुपये का झूमर, 12 लाख के पर्दे

बंगले के अंदर रखे सामान की कीमतों ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है. यहां एक झूमर की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है. एक कमरे में लगे पर्दों की कीमत करीब 5.84 लाख रुपये बताई गई है. वहीं, बंगले के दूसरे हिस्से में पर्दों की कीमत 12 लाख रुपये तक बताई गई. इन पर्दों की खासियत यह है कि इन्हें रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है. इनके साथ रिमोट भी रखे गए हैं.

सोफा, कॉफी मशीन और मसाजर की कीमत भी लाखों में

बंगले में रखा एक सोफा सेट 4.14 लाख रुपये का बताया गया है. यहां टेबल और कुर्सियों की कीमत भी लाखों में है. इसके अलावा 2.5 लाख रुपये की कॉफी मशीन लगी हुई है. किचन में एक लिफ्ट भी बनाई गई है. मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इसका इस्तेमाल खाना ऊपर की मंजिल तक पहुंचाने के लिए किया जाता था. अगर केजरीवाल ऊपर के कमरे में होते थे तो इसी लिफ्ट के जरिए उनके पास खाना भेजा जाता था. बंगले में 4 लाख रुपये का मसाजर भी लगा हुआ है. वहीं, मंदिर की कीमत 6.71 लाख रुपये बताई गई है. डबल डोर फ्रिज की कीमत करीब 7.5 लाख रुपये है.

मूर्ति की कीमत 7.58 लाख रुपये

बंगले के लिफ्ट लॉबी एरिया में रखी एक मूर्ति की कीमत 7.58 लाख रुपये बताई गई है. मीडिया को बंगले के अलग-अलग कमरों में ले जाकर वहां रखे सामान की कीमतों के बारे में जानकारी दी गई.

इस दौरान प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा ने एक-एक कमरे का निरीक्षण कराया. सामान के साथ उसकी कीमत भी बताई गई. ज्यादातर चीजों की कीमत लाखों रुपये में है.

2024 में आवास छोड़कर चले गए थे केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने सितंबर 2024 में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद अक्टूबर 2024 में वह अपने परिवार के साथ सिविल लाइंस स्थित 6 फ्लैगस्टाफ रोड वाले सरकारी बंगले से बाहर चले गए थे. इसके बाद यह आवास दिल्ली की राजनीति में चर्चा का विषय बना रहा. दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया था.

बीजेपी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल ने सरकारी आवास को आलीशान बनाने पर करोड़ों रुपये खर्च किए. अब सरकार ने इस आवास को मीडिया के सामने खोल दिया है. इसके बाद इसे आम जनता के लिए भी खोलने की तैयारी है.