AAP MLA Anil Jha accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लक्ष्मी नगर से ITO मार्ग पर PWD ऑफिस के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हाे गया. यहां एक बेकाबू स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग को लांघती हुई सामने से आ रही इनोवा गाड़ी से जा टकराई. इस खौफनाक एक्सीडेंट में किराड़ी से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अनिल झा और कर्नाटक से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अभय पाटिल समेत कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात करीब 9:30 बजे आईटीओ स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास हुआ. आशुतोष पांडे नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उनकी स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई. कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि वह सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराई और रेलिंग को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी तरफ चली गई. उसी समय दूसरी तरफ से एक इनोवा कार गुजर रही थी, जिसमें कर्नाटक से बीजेपी विधायक अभय पाटिल और आप विधायक अनिल झा सवार थे. बेकाबू स्विफ्ट सीधे इस इनोवा कार से जा टकराई.
गाड़ियों के उड़े परखच्चे, 7 लोग अस्पताल में भर्ती
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और इनोवा पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे में घायल होने वालों में:
- कर्नाटक से बीजेपी विधायक अभय पाटिल
- आप विधायक अनिल झा
- स्विफ्ट कार सवार आशुतोष पांडे, उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे
- इनोवा कार का चालक
हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई. राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सभी 7 घायलों को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कराया.
पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, क्या स्विफ्ट कार की रफ्तार तेज थी या कोई तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण कार डिवाइडर और रेलिंग को पार कर दूसरी तरफ जा घुसी.
ADVERTISEMENT


