ईरान संकट की मार: आज से ₹29 महंगा हुआ घरेलू LPG सिलेंडर, रसोई का बजट बिगड़ा
आम जनता की जेब पर महंगाई का एक और बड़ा बोझ बढ़ गया है. देश में घरेलू रसोई गैस (LPG) की कीमतों में एक बार फिर भारी बढ़ोतरी की गई है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा किया गया है. तेल कंपनियों के मुताबिक, ये नई दरें 7 जून (आज) से पूरे देश में लागू हो गई हैं. इस बदलाव के बाद देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर अब 942 रुपये पर पहुंच गई है.
ADVERTISEMENT
तीन महीने में दूसरी बार बढ़ीं कीमतें
आम उपभोक्ताओं के लिए यह दोहरा झटका है, क्योंकि पिछले तीन महीनों के भीतर रसोई गैस की कीमतों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है. इससे पहले 7 मार्च को भी प्रति सिलेंडर 60 रुपये बढ़ाए गए थे. तब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई थी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन के दाम आसमान पर पहुंच गए थे.
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों और सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक बाजार में ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है. इस समय जारी ईरान संकट, कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की आसमान छूती कीमतें और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती लागत इसकी मुख्य वजह हैं. सरकारी फ्यूल रिटेलर्स को वैश्विक स्तर पर बढ़ी कीमतों के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसकी वजह से ये दाम बढ़ाने पड़े हैं.
जानकारों का दावा है कि पिछली बढ़ोतरी के बाद भी कंपनियों के नुकसान की पूरी भरपाई नहीं हो पाई थी. इस हालिया बदलाव से पहले तक ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को हर घरेलू सिलेंडर की बिक्री पर लगभग 703 रुपये का घाटा हो रहा था.
कमर्शियल सिलेंडर और छोटा गैस भी महंगा
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में कमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों को भी झटका लग चुका है. 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी.
दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3113.50 रुपये और कोलकाता में 53.50 रुपये की बढ़त के साथ 3255.50 रुपये का हो चुका है. इसके अलावा, छोटे व्यापारियों और आम लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है.
पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भी लगा रहे हैं आग
रसोई गैस में हुई यह बढ़ोतरी ईंधन की कीमतों में आ रही देशव्यापी तेजी का हिस्सा है. पिछले एक महीने में जनता को चौतरफा महंगाई झेलनी पड़ी है:
मई महीने से लेकर अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हो चुका है. सीएनजी की दरों में भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
कंपनियों का कहना है कि इस बढ़ोतरी के बावजूद वे लागत से कम कीमत पर ईंधन बेच रही हैं. वर्तमान में तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 33.6 रुपये प्रति लीटर का घाटा सहना पड़ रहा है. ऐसे में आने वाले दिनों में आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है.
ADVERTISEMENT


