मालवीय नगर होटल अग्निकांड में मैक्स अस्पताल का बड़ा खुलासा, 18 लोगों को लाया गया था मृत; जानें घायलों का अपडेट

Max Hospital Update: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड को लेकर मैक्स अस्पताल ने बड़ा खुलासा किया है. अस्पताल के अनुसार 18 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 15 मरीज ICU में भर्ती हैं और 8 वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. हादसे में मौतों का आंकड़ा 21 के पार पहुंच गया है. पढ़ें होटल में लगी भीषण आग, घायलों की स्थिति, अस्पताल का आधिकारिक बयान और अवैध निर्माण से जुड़े बड़े खुलासे.

Delhi Hotel Fire Case Update
Delhi Hotel Fire Case Update

वैशाली

follow google news

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके के एक होटल में आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण हादसा हो गया. होटल में अचानक लगी भयानक आग की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई है और कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. इस हादसे के बाद घायलों और मृतकों को पास ही स्थित मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया. अब इस पूरे मामले को लेकर मैक्स हॉस्पिटल की ओर से एक ऑफिशियल प्रेस रिलीज जारी की गई है, जिसमें अस्पताल में लाए गए मरीजों और मृतकों को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं.

Read more!

मैक्स अस्पताल का बड़ा खुलासा, 18 लोग लाए गए थे मृत

मैक्स हॉस्पिटल द्वारा साझा की गई आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, अस्पताल में लाए गए कुल मरीजों में से 18 लोगों को मृत अवस्था (ब्रॉट डेड) में लाया गया था. हादसे में जान गंवाने वाले इन लोगों में भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. इस भीषण हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत बड़े पैमाने पर 'मास कैजुअल्टी प्रक्रिया प्रोटोकॉल' को सक्रिय कर दिया था. प्रभावित लोगों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल के सभी उपलब्ध चिकित्सकीय और सहयोगी संस्थानों को तुरंत काम पर तैनात किया गया था.

आईसीयू में भर्ती मरीजों की हालत गंभीर, कई वेंटिलेटर पर

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए 15 मरीज फिलहाल ICU में भर्ती हैं. इन 15 मरीजों में से 8 लोग वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है. इसके अलावा, पांच मरीजों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. वहीं, एक मरीज जो कि आग की चपेट में आने से अत्यधिक झुलस गया था, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया गया है.

मरने वालों का कुल आंकड़ा 21 के पार पहुंचा

मालवीय नगर के इस होटल अग्निकांड में मरने वाले लोगों की कुल संख्या अब 21 को पार कर चुकी है. जहां मैक्स हॉस्पिटल में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, वहीं अन्य तीन गंभीर रूप से झुलसे लोगों को सफदरजंग अस्पताल और AIIMS रेफर किया गया था. इन तीनों मरीजों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद इस दर्दनाक हादसे में कुल मौतों का आंकड़ा 21 तक पहुंच गया है.

प्रशासन की बड़ी लापरवाही, 6 कमरों की जगह अवैध रूप से बने थे 25 कमरे

इस दिल दहला देने वाले हादसे के पीछे प्रशासन और स्थानीय व्यवस्था की एक बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है. जिस होटल की बिल्डिंग में यह भीषण आग लगी, वहां नियमों को ताक पर रखकर गैरकानूनी काम धड़ल्ले से चल रहा था. सरकार और संबंधित विभागों द्वारा इस बिल्डिंग में महज 6 कमरे बनाने की ही परमिशन दी गई थी, लेकिन मालिक ने गैरकानूनी और अवैध तरीके से पूरी बिल्डिंग में 25 कमरे खड़े कर दिए थे. इतना ही नहीं, इस परिसर के अंदर अवैध रूप से एक रेस्टोरेंट और एक ब्यूटी पार्लर भी संचालित किया जा रहा था. जिस वक्त यह भयानक हादसा हुआ, उस समय होटल के भीतर कई लोग मौजूद थे, जो इस अवैध निर्माण और प्रशासनिक अनदेखी के कारण लगी आग की चपेट में आ गए.

    follow google news