NTA की इनकम ने चौंकाया! 5 साल में दोगुनी हुई NTA की कमाई, विवादों के बीच संसद में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

न्यूज तक डेस्क

• 01:44 PM • 25 Jul 2026

NTA की आय पांच साल में दोगुनी से ज्यादा बढ़कर 2023-24 में 1,116.84 करोड़ रुपये हो गई. इसी दौरान खर्च बढ़कर 1,040.96 करोड़ रुपये पहुंच गया. सरकार के मुताबिक, NTA अब तक 270 से ज्यादा परीक्षाएं करा चुकी है, जिनमें 6.6 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं.

NewsTak
Google CTA

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की आय में पिछले पांच वर्षों के दौरान बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. संसद में पेश आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2019-20 में NTA की आय 504.16 करोड़ रुपये थी. 2023-24 में यह बढ़कर 1,116.84 करोड़ रुपये हो गई. यानी पांच साल में एजेंसी की आय दोगुनी से भी अधिक हो गई.

Read more!

ये आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब NTA की परीक्षाओं में पारदर्शिता, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं.

राज्यसभा में सरकार ने दी जानकारी

शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्यसभा में NTA के कामकाज से जुड़े सवाल के जवाब में आय और खर्च के आंकड़े पेश किए. सरकार के मुताबिक, ये आंकड़े एजेंसी के आय-व्यय रिकॉर्ड का हिस्सा हैं. इन्हें उपार्जन लेखा प्रणाली के आधार पर तैयार किया गया और NTA के शासी निकाय से मंजूरी मिली.

खर्च भी बढ़कर ₹1,040 करोड़ के पार

NTA की आय के साथ उसके खर्च में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है. वित्त वर्ष 2019-20 में एजेंसी का कुल खर्च 440.20 करोड़ रुपये था. 2023-24 में यह बढ़कर 1,040.96 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.

आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से 2021-22 के बीच NTA की आय करीब 500 करोड़ रुपये के आसपास रही. इसके बाद 2022-23 में इसमें बड़ा उछाल आया और आय 900.56 करोड़ रुपये हो गई. अगले वित्त वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 1,116.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.

अब तक 270 से ज्यादा परीक्षाएं करा चुकी NTA

सरकार ने संसद को NTA की ओर से आयोजित परीक्षाओं की जानकारी भी दी. 2018 में स्थापना के बाद से एजेंसी 270 से अधिक परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है. इन परीक्षाओं के लिए कुल 6.6 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन हुए हैं. साल 2026 में ही NTA ने 12 परीक्षाएं आयोजित कीं. इनमें 65 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया.

NTA में कितने कर्मचारी?

NTA के पास वर्तमान में 39 स्थायी पद हैं. ये सभी पद प्रतिनियुक्ति के जरिए भरे गए हैं. इसके अलावा एजेंसी में 73 कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे हैं.

देशभर में परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग के लिए 124 कर्मचारियों की सेवाएं आउटसोर्सिंग के जरिए ली जा रही हैं.

परीक्षा विवादों के बीच सामने आए आंकड़े

NTA की आय और खर्च के ये आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब एजेंसी की ओर से आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विवाद चल रहे हैं. NEET समेत कुछ परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों के बाद छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए.

छात्रों की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं में सुरक्षा बढ़ाने, प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई. इसे लेकर प्रदर्शन भी हुए.

परीक्षा व्यवस्था में सुधार पर सरकार का जोर

केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने की बात कही है. NEET-UG की दोबारा परीक्षा जून में कराई गई थी. इसके संशोधित नतीजे भी हाल में जारी किए गए हैं.

NTA की बढ़ती आय और खर्च के ये आंकड़े अब परीक्षा सुधार और एजेंसी की जवाबदेही को लेकर जारी चर्चा के बीच महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.