अवैध रूप से दिल्ली में डेरा जमाए बैठा था पाकिस्तानी नागरिक, 15 अगस्त को क्राइम ब्रांच ने धर दबोचा, जानें पूरा मामला

न्यूज तक डेस्क

• 04:22 PM • 19 Aug 2026

क्राइम ब्रांच ने 15 अगस्त को पुरानी दिल्ली के एक रेस्टोरेंट से नेपाल के रास्ते भारत आए अवैध पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है. केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ में कोई आतंकी एंगल न मिलने के बाद उसे डिपोर्ट करने के लिए FRRO के हवाले कर दिया गया है.

नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री, दिल्ली के रेस्टोरेंट में कर रहा था काम:
नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री, दिल्ली के रेस्टोरेंट में कर रहा था काम:
Google CTA

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में अवैध रूप से रह रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी कराची का रहने वाला मोहम्मद अदनान है, जो बिना किसी वैध वीजा या यात्रा दस्तावेजों के दिल्ली में रह रहा था.

Read more!

नेपाल के रास्ते अवैध घुसपैठ

मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अदनान 30 दिसंबर 2022 को अपनी पत्नी जैनब के साथ अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए भारत से पाकिस्तान गया था. बाद में उसकी पत्नी तो वैध इमिग्रेशन चैनल के जरिए भारत लौट आई, लेकिन अदनान मई 2025 में नेपाल के रास्ते बिना किसी औपचारिक कागजी कार्रवाई के अवैध रूप से भारत में दाखिल हो गया, इसके बाद से वह दिल्ली-6 के दरियागंज स्थित कूचा चेलान इलाके में पहचान छिपाकर रह रहा था और एक रेस्टोरेंट में शेफ (Chef) के रूप में काम कर रहा था. 

मां ने की थी पाकिस्तानी से शादी 

जांच में पता चला है कि आरोपी नेपाल के रास्ते गैर-कानूनी तरीके से भारत की सीमा में दाखिल हुआ था. आरोपी की मां पहले दिल्ली की ही रहने वाली थीं, जिन्होंने बाद में एक पाकिस्तानी शख्स से शादी कर ली और पाकिस्तान की नागरिकता अपना ली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और केंद्रीय एजेंसियों ने आरोपी से लंबी और कड़ी पूछताछ की. जांच के दौरान उसका कोई भी आतंकी एंगल सामने नहीं आया है.

फिलहाल दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को FRRO (फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस) को सौंप दिया है और उसे वापस पाकिस्तान डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. 

ये भी पढ़ें: दिल्ली में संभलकर चलाएं गाड़ी! इस साल अब तक 16 लाख से अधिक वाहनों का हुआ चालान, जानें किस गलती पर कितना लगा जुर्माना