VIDEO: PM मोदी ने प्रियंका से पूछा हाल, खड़गे बोले- भाई साहब आप बदल गए!

न्यूज तक डेस्क

• 03:00 PM • 12 Aug 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी की सुप्रिया सुले की बेटी के वेडिंग रिसेप्शन में बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है. पीएम ने प्रियंका का हाल पूछा. तभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘भाई साहब, आप थोड़े बदल गए हैं.’

PM Modi Priyanka Gandhi video
PM Modi Priyanka Gandhi video
Google CTA

नई दिल्ली में NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के वेडिंग रिसेप्शन में सोमवार को राजनीति का अलग रंग देखने को मिला. एक ही जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी नजर आए. इसी दौरान पीएम मोदी और प्रियंका गांधी के बीच हुई बातचीत पर खड़गे ने ऐसा कमेंट कर दिया कि वहां मौजूद नेता मुस्कुराने लगे. इस पूरे पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

Read more!

पीएम मोदी ने पूछा- प्रियंका जी कैसी हैं?

वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रियंका गांधी से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. पीएम मोदी ने प्रियंका से उनका हाल पूछा. उन्होंने कहा, "प्रियंका जी कैसी हैं आप?"

प्रियंका गांधी ने जवाब दिया, "मैं ठीक हूं सर! आप कैसे हैं?" वीडियो में प्रियंका दिखाई नहीं देती हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनाई देती है.

इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, "मैं वैसा ही हूं." पीएम के इस जवाब पर पास खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे मुस्कुराने लगे.

खड़गे बोले- भाई साहब, आप थोड़े बदल गए हैं

इसके बाद खड़गे ने पीएम मोदी से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "भाई साहब, आप थोड़े बदल गए हैं."

पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए सिर्फ "अच्छा" कहा. इसके बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया. पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और आगे बढ़ गए.

उस समय राहुल गांधी भी वहां मौजूद थे. बातचीत के दौरान उन्हें भी मुस्कुराते हुए देखा गया.

खड़गे के कमेंट का क्या था मतलब?

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खड़गे की टिप्पणी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ यूजर्स का मानना है कि खड़गे ने पीएम मोदी के हालिया सोशल मीडिया अंदाज को लेकर यह बात कही होगी.

दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी के सोशल मीडिया कंटेंट में भी बदलाव देखने को मिला है. युवाओं और खासकर Gen-Z तक पहुंचने के लिए उनके सेल्फी स्टाइल वीडियो चर्चा में रहे हैं. हालांकि खड़गे ने अपने कमेंट का मतलब साफ तौर पर नहीं बताया.

एक मंच पर दिखे सत्ता और विपक्ष के बड़े चेहरे

यह पूरा घटनाक्रम नई दिल्ली में शरद पवार के 6, जनपथ स्थित आवास पर आयोजित रिसेप्शन के दौरान हुआ. सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के वेडिंग रिसेप्शन में अलग-अलग राजनीतिक दलों के कई बड़े नेता पहुंचे थे.

इस कार्यक्रम की एक और तस्वीर भी चर्चा में रही, जिसमें पीएम मोदी और शरद पवार गंभीर बातचीत करते दिखाई दिए. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब NCP (SP) और बीजेपी के बीच नजदीकी को लेकर राजनीतिक अटकलें लग रही हैं.

हालांकि सुप्रिया सुले पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ पार्टी की हालिया बातचीत महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों को लेकर थी.

वीडियो देखें

Modiji interacting with Priyanka G & Kharge ji while RaGa stands there like a lost child! pic.twitter.com/q3JO9uSPkm

— 🦋Anjna🦋 (@SaffronQueen_) August 12, 2026