किचन में कॉकरोच-मक्खियां, खराब तेल, फंगस लगी सब्जियां...दिल्ली के 5-स्टार रेडिसन ब्लू होटल में FSSAI को मिली कई बड़ी कमियां

आशुतोष मिश्रा

• 09:18 AM • 17 Oct 2026

दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल को खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई में कमियों के कारण FSSAI ने सुधार नोटिस दिया है. जांच में कॉकरोच, मक्खियां, खराब फल-सब्जियां, तेल की गुणवत्ता और सफाई से जुड़ी समस्याएं सामने आईं. होटल को कमियां दूर कर कार्रवाई की रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं.

Radisson Blu Hotel Delhi
Radisson Blu Hotel Delhi
Google CTA

जब कोई बंदा जेब ढीली करके किसी 5-स्टार होटल में कटोरी भर दाल का 800 रुपया चुकाता है, तो दिल में एक ही उम्मीद होती है कि 'भाई, खाना एकदम चकाचक और एक नंबर मिलेगा.' लेकिन दिल्ली के धड़कते दिल में बने रेडिसन ब्लू होटल से जो खबर आई है, उसे सुनकर आप बाहर का खाना तो दूर, शायद चाय की टपरी भी सूंघ-सूंघकर चेक करेंगे.

Read more!

मामला यह है कि खाने-पीने का हिसाब-किताब देखने वाली देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) की टीम ने रेडिसन ब्लू (M/s AB होटल्स लिमिटेड) के किचन में अचानक छापा मार दिया. और जो वहां मिला, उसे देखकर साहब लोग भी माथा पकड़कर बैठ गए. FSSAI ने सीधे-सीधे 'इम्प्रूवमेंट' नोटिस थमा दिया है. बोले तो 'या तो कायदा सुधारो, वरना ताला जड़ देंगे.'

किचन के अंदर चल क्या रहा था?

जब FSSAI वाले होटल के भीतर घुसे तो उन्हें लगा ही नहीं कि वे किसी 5-स्टार होटल में खड़े हैं. मशीनों में जंग लगा पड़ा था, फ्रीज़र से पानी टपक रहा था और वेंटिलेशन का तो भगवान ही मालिक था.

5-स्टार की किचन में कीट-पतंगों का कब्जा था. पेस्ट कंट्रोल के नाम पर जो भी दांव खेला गया था, वो पूरी तरह फुस्स निकला. जिनसे आपके लिए लजीज सलाद और खाना बनना था, वो फल और सब्जियां फंगस से भरे पड़े थे. सड़ी-गली चीजें धड़ल्ले से अंदर सप्लाई हो रही थीं.

होटल के 'NYC किचन' में जो कुकिंग ऑयल इस्तेमाल हो रहा था, उसमें TPC (टोटल पोलर कंपाउंड) का लेवल 31 और 24.4 निकला. सरल भाषा में समझें तो बार-बार इस्तेमाल किया हुआ वो तेल शरीर में ज़हर घोलने का काम कर रहा था.

कर्मचारियों की ‘ठाठ’ और नियमों का ‘हाफ’

किचन में खाना बनाने वाले 'मास्टर शेफ' का अपना अलग ही भौकाल था. न हाथों में ग्लव्स, न सिर पर हेयरनेट. लंबे-लंबे नाखून बढ़ाए और गहने-अंगूठी चमकाते हुए भाई लोग आराम से खाना बना रहे थे. शाकाहारी और मांसाहारी खाना? सब एक ही जगह ठूंसकर रखा हुआ था!

और तो और, FSSAI का जो लाइसेंस हर होटल को सीना ठोककर दीवार पर टांगना होता है, वो कहीं ढूंढने से भी नहीं मिल रहा था.

FSSAI की कड़ी चेतावनी

FSSAI ने होटल प्रबंधन को सीधे शब्दों में कह दिया है "बहानेबाज़ी नहीं चलेगी." तुरंत सब कुछ दुरुस्त करो और फोटो-कागज़ात के साथ Action Taken Report (ATR) जमा करो. साफ कह दिया गया है कि अगर ढिलाई बरती, तो FSSAI का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाएगा. यानी सीधा दुकान बंद!