आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है. सांसद राघव चड्ढा ने एक नया वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके. चड्ढा ने कहा कि वे अब तक खामोश थे, लेकिन गलत बातों को सच बनने से रोकने के लिए उनका बोलना जरूरी हो गया था.
ADVERTISEMENT
वॉकआउट के आरोपों को बताया निराधार
राघव चड्ढा पर आरोप था कि उन्होंने संसद में विपक्ष के वॉकआउट के दौरान साथ नहीं दिया. इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है. उन्होंने चुनौती दी कि संसद में हर तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और पार्टी फुटेज निकालकर दिखा दे कि उन्होंने कब विपक्ष का साथ नहीं निभाया.
हस्ताक्षर विवाद पर दी चुनौती
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने की याचिका पर साइन न करने के आरोप पर चड्ढा ने कहा कि उनसे किसी ने इस बारे में संपर्क ही नहीं किया. उन्होंने खुलासा किया कि AAP के 10 में से करीब 6-7 सांसदों ने खुद उस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे. उन्होंने तर्क दिया कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद बेवजह उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
'मैं हंगामा करने नहीं, मुद्दे उठाने गया हूँ'
तीसरे आरोप का जवाब देते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि संसद में उनका मकसद शोर-शराबा करना नहीं बल्कि जनता की आवाज उठाना है. उन्होंने जीएसटी, बेरोजगारी, पंजाब के पानी और दिल्ली के प्रदूषण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि वे संसद में 'इम्पैक्ट' पैदा करने गए हैं, न कि तमाशा करने. वीडियो के अंत में उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "मैं हर झूठ को बेनकाब करूंगा, घायल हूं इसलिए घातक हूं."
ADVERTISEMENT


