'भगवान के मंदिर में 40% कमीशन खाने वाले जेल क्यों नहीं गए?' चंपत राय के इस्तीफे पर संजय सिंह का बड़ा हमला

न्यूज तक डेस्क

• 11:25 AM • 08 Jul 2026

Ram Mandir Controversy: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला बोला है. संजय सिंह ने सवाल उठाया कि अगर राम मंदिर में कथित भ्रष्टाचार, 40% कमीशन, चढ़ावे और सोने-चांदी की चोरी जैसे आरोप सामने आए हैं तो आरोपियों के खिलाफ अब तक कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं हुई.

Sanjay Singh on Ram Mandir Dan Controversy
Sanjay Singh on Ram Mandir Dan Controversy
Google CTA

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. संजय सिंह ने कहा कि सिर्फ पदों से इस्तीफा दे देने से भ्रष्टाचार के पाप नहीं धुल जाते. उन्होंने सवाल उठाया कि हजारों करोड़ रुपये की लूट और भगवान के मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ अब तक पुलिसिया कार्रवाई या जेल भेजने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई. संजय सिंह ने इस पूरे मामले को लेकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कटघरे में खड़ा किया है.

Read more!

इस्तीफे से खत्म नहीं होता भ्रष्टाचार का मामला

संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि आज राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया, लेकिन क्या सिर्फ पद छोड़ देने से भ्रष्टाचार की सजा मिल गई? उन्होंने कहा कि पुराने जमाने में डाकू 'जय भवानी' के नारे लगाकर पूरा गांव लूट लेते थे, तो उनके खिलाफ एनकाउंटर, जेल और फांसी जैसी सख्त कानूनी कार्रवाइयां होती थीं. मगर आज 'चंदा चोर पार्टी' के राज में ऐसा कानून बन गया है कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक प्रभु श्री राम के मंदिर को लूटने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. अगर कोई अधिकारी या रसूखदार हजारों करोड़ की लूट करके कहेगा कि मैंने इस्तीफा दे दिया, तो क्या उसका काम खत्म हो जाएगा?

40 फीसदी कमीशन और सोने-चांदी की चोरी का आरोप

सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर के निर्माण कार्यों और चढ़ावे को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि मंदिर के निर्माण कार्यों में 40-40 फीसदी तक कमीशन लेने की बात सामने आई है. इसके अलावा, जमीनों की खरीद में करोड़ों-अरबों रुपये पानी की तरह बहाकर भारी भ्रष्टाचार किया गया. संजय सिंह ने एक नया और बड़ा दावा करते हुए कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में आए सैकड़ों और हजारों करोड़ रुपये की चोरी की बात भी अब सामने आ रही है, जिसमें मंदिर में चढ़े आभूषणों और सोने-चांदी की चोरी भी शामिल है.

2021 के खुलासे पर कार्रवाई होती तो यह दिन न देखना पड़ता

संजय सिंह ने याद दिलाया कि उन्होंने साल 2021 में ही इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया था. उस दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि किस तरह महज 2 करोड़ रुपये की जमीन को आनन-फानन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. उन्होंने कहा कि अगर उसी समय केंद्र और राज्य सरकार चेत जातीं और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठा लेतीं, तो आज देश और राम भक्तों को यह दिन नहीं देखना पड़ता. लेकिन तब सरकार ने आरोपियों को बचाने का काम किया, जिसका नतीजा आज सबके सामने है.

बीजेपी नेताओं और संतों ने भी उठाए सवाल

अपने दावों को मजबूत करते हुए संजय सिंह ने कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा पर भ्रष्टाचार के आरोप सिर्फ वो अकेले नहीं लगा रहे हैं. अब खुद भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. रजनीश सिंह, विनय कटिहार, संतोष दुबे और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े धर्मदास जी महाराज भी मुखर हैं. इसके साथ ही खुद नित्य गोपाल दास जी और उनके उत्तराधिकारी कमल नयन दास जी, दीनानाथ वर्मा और चढ़ावे की गिनती का काम देखने वाले इंजीनियर महिपाल सिंह तक चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे हैं कि यहां सैकड़ों करोड़ का घोटाला हुआ है. जब तमाम जमीनी कागजात और खुद मंदिर से जुड़े लोग गवाही दे रहे हैं, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा अब तक जेल क्यों नहीं गए?

योगी जी! चंदा चोरों पर कब चलेगा आपका बुलडोजर?

संजय सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा सवाल पूछा कि चूंकि यह ट्रस्ट आपने बनाया है, तो आप बताइए कि इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कब होगी? इसके साथ ही उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरते हुए पूछा कि आप तो 'दूध का दूध और पानी का पानी' करने की बात करते थे, तो क्या यही आपकी कार्रवाई है? भगवान के मंदिर का चढ़ावा खाने वालों और 40% कमीशन खोरी करने वालों पर आपकी सरकार चुप क्यों है? संजय सिंह ने कड़े लहजे में पूछा कि योगी जी, आपका बुलडोजर आखिर इन चंदा चोरों पर कब चलेगा और ये लोग जेल की सलाखों के पीछे कब जाएंगे? देश का हर राम भक्त आज सरकार से यही जवाब मांग रहा है.

यहां देखें वीडियो