दिल्ली में आज सियासत का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. INDIA गठबंधन ने रामलीला मैदान में महारैली बुलाई है. इस रैली के जरिए विपक्षी दल चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे. विपक्ष का आरोप है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां हुई हैं और SIR प्रक्रिया को लेकर कई सवाल हैं.
रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे. रैली से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है. दूसरी ओर बीजेपी और सिख समुदाय की ओर से भी दिल्ली में पदयात्रा निकाली जाएगी.
आज के इस बड़े घटनाक्रम के हर अपडेट के लिए NewsTak के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें.
- 11:49 AM • 01 Nov 2026
'कनॉट प्लेस आइए, साथ...', राहुल गांधी रैली की शुरुआत से पहले दिया ये बड़ा मैसेज..
रामलीला मैदान में रैली की शुरुआत से पहले कांग्रस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है. उस पोस्ट में उन्होंने कहा, दिल्ली, तैयार हो जाओ! वोट बचाओ, देश बचाओ.
- 11:37 AM • 01 Nov 2026
खरगे के आवास पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास (10 राजाजी मार्ग) पर पार्टी के कई दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है, जहां प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अभिषेक मनु सिंघवी और केरल के नेता वी.डी. सतीशन समेत कई बड़े नेता लगातार पहुंच रहे हैं.
- 11:11 AM • 01 Nov 2026
INDIA गठबंधन की रैली से दिल्ली के कारोबार पर असर, CTI का दावा- 2.5 लाख दुकानें बंद
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली से पहले व्यापारिक संगठनों ने कारोबार प्रभावित होने का मुद्दा उठाया है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस संबंध में राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है. CTI का दावा है कि रैली की वजह से दिल्ली के कारोबार को भारी नुकसान हुआ है.
संगठन के मुताबिक, दिल्ली में करीब 2.5 लाख दुकानें बंद हैं. रामलीला मैदान के 10 किलोमीटर के दायरे में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई है. CTI ने दावा किया कि इससे कुल कारोबार में करीब 80 फीसदी तक गिरावट आई है.
हालांकि, राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी करने की अपील की है. CTI ने उनकी इस अपील का स्वागत किया है. लेकिन संगठन का कहना है कि जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं और व्यापारियों को इसका फायदा नहीं मिल रहा है.
- 10:16 AM • 01 Nov 2026
'रामलीला मैदान छोटा पड़ जाएगा', INDIA गठबंधन की रैली को लेकर कांग्रेस सांसद का बड़ा दावा
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की महारैली को ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने कहा कि इस रैली में इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे कि रामलीला मैदान भी छोटा पड़ जाएगा. अखिलेश प्रसाद सिंह के मुताबिक, सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ देश में माहौल बन रहा है. ऐसे में यह महारैली विपक्ष की आवाज को मजबूती देने का काम करेगी.
- 09:43 AM • 01 Nov 2026
बीजेपी ने विपक्ष की महारैली पर साधा निशाना, बोली- रामलीला मैदान में लगेगा 'ठगों का मेला'
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली से पहले बीजेपी ने विपक्षी दलों पर हमला बोला है. बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर तंज कसा. पार्टी ने लिखा, "आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से ठगों का मेला लगने वाला है."
- 09:37 AM • 01 Nov 2026
सुबह 5:30 बजे से रैली में पहुंचने लगे लोग, DCP बोले- सुरक्षा और आवाजाही के पुख्ता इंतजाम
INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए हैं. DCP सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए लोग सुबह 5:30 बजे से ही पहुंचने लगे थे. पुलिस लोगों की आवाजाही को आसान बनाने में मदद कर रही है. साथ ही स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि रैली स्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं. मार्च के रूट को लेकर भी पुलिस ने पहले से योजना तैयार की है.
- 09:35 AM • 01 Nov 2026
रामलीला मैदान में जुटेंगे विपक्ष के बड़े नेता
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जाएगी. इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल होंगे. रैली में छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के भी पहुंचने की उम्मीद है. रैली का मार्च कनॉट प्लेस से शुरू होकर मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचेगा. राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है.
- 09:35 AM • 01 Nov 2026
दिल्ली में विपक्ष की रैली के साथ बीजेपी की भी पदयात्रा
रविवार को दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी. एक तरफ INDIA गठबंधन रामलीला मैदान में महारैली करेगा, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी की ओर से पश्चिमी दिल्ली में पदयात्रा निकाली जाएगी. सिख समुदाय की ओर से भी मार्च निकालने की तैयारी है. ऐसे में दिल्ली में एक ही दिन कई राजनीतिक कार्यक्रम होंगे.
- 09:35 AM • 01 Nov 2026
रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए 14 जोन बनाए गए
दिल्ली पुलिस ने रैली को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है. हर जोन की जिम्मेदारी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी को दी गई है. रैली के रास्ते और कार्यक्रम स्थल पर 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है.
- 09:34 AM • 01 Nov 2026
हरियाणा से दिल्ली के लिए रवाना हुए INDIA गठबंधन के कार्यकर्ता
दिल्ली में होने वाली महारैली में शामिल होने के लिए हरियाणा के भिवानी से INDIA गठबंधन के कार्यकर्ता रवाना हो गए हैं. दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास के बाहर भी राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिली हैं.
- 09:34 AM • 01 Nov 2026
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है. ITO, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड से बचने की सलाह दी गई है. LNJP और GB Pant अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
- 09:34 AM • 01 Nov 2026
दिल्ली में सुरक्षा के लिए करीब 10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती
दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली और बीजेपी की जवाबी पदयात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मध्य और नई दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में करीब 10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं. इनमें दिल्ली पुलिस, CAPF, CRPF और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान शामिल हैं. रामलीला मैदान और उसके आसपास 4 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.
ADVERTISEMENT


