'मैम, आज तो जन्नत बना दिया...' सीएम रेखा गुप्ता के सामने ही दिल्ली वाले ने उड़ाया सिस्टम का मजाक, देखें वायरल वीडियो

Delhi Viral Video: रेखा गुप्ता के जनकपुरी दौरे के दौरान एक युवक ने उनके सामने ही दिल्ली की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठा दिए. युवक ने कहा कि सीएम के आने की खबर मिलते ही इलाके को 'जन्नत' बना दिया गया, जबकि रोज यहां कूड़ा पड़ा रहता है. इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग युवक की बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं.

Delhi CM Viral Video
Delhi CM Viral Video

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन दिनों अपने सख्त तेवरों और औचक निरीक्षणों के लिए चर्चा में हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री जब पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचीं, तो वहां एक युवक ने उनके सामने ही प्रशासन और स्थानीय विधायक की पोल खोल दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

निरीक्षण के दौरान 'जन्नत' बनी जनकपुरी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा और आशीष सूद के साथ जनकपुरी में निरीक्षण कर रही थीं. इसी दौरान एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर मुख्यमंत्री से बात करने की गुजारिश करने लगा. जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका, तो रेखा गुप्ता ने खुद दखल दिया और अफसरों को डांट लगाते हुए कहा, "प्लीज मुझे इससे बात करने दो." 

'क्या यह सफाई सिर्फ आज के लिए है?'

मुख्यमंत्री के सामने आते ही युवक ने बड़ी बेबाकी से सवाल किया. उसने कहा, 'मैम, मैं यहीं पास में रहता हूं. यहां रोज कूड़ा फेंका जाता है, लेकिन आज आपके आने की खबर मिलते ही इस इलाके को पूरी तरह 'जन्नत' में तब्दील कर दिया गया है. मेरा बस एक ही सवाल है- क्या यह व्यवस्था हमेशा ऐसी ही रहेगी या सिर्फ आज के लिए है?' युवक की यह बात सुनकर मुख्यमंत्री भी मुस्कुरा दीं और उसे आश्वासन दिया.

विधायक आशीष सूद पर भी साधा निशाना

खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताने वाले इस युवक ने स्थानीय विधायक आशीष सूद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उसने बताया कि वह अक्सर इस इलाके की गंदगी और कूड़े के वीडियो बनाकर आशीष सूद को टैग करता था, लेकिन उनकी तरफ से कभी कोई जवाब या एक्शन नहीं लिया गया. युवक ने मुख्यमंत्री से कहा कि उसने सोशल मीडिया पर कई बार आवाज़ उठाई कि शायद 'सर' कभी आएंगे और सफाई होगी, लेकिन आज मुख्यमंत्री के आने पर अचानक हुई इस सफाई ने उसे हैरान कर दिया.

सोशल मीडिया पर मिली 'वाहवाही'

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 'बनी बॉस' (Bunny Boss) नाम के इन्फ्लुएंसर ने शेयर किया है, जिसे अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं. सोशल मीडिया यूजर्स युवक की बेबाकी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "सीधी बात नो बकवास", तो दूसरे ने कहा, "भाई ने बड़े ही सम्मान के साथ कड़वा सच बोल दिया." लोग इस बात की भी सराहना कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री ने सुरक्षा हटाकर आम नागरिक की बात सुनी.

    follow google news