आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी में खुशी का माहौल है. इस मुद्दे पर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है.
ADVERTISEMENT
'BJP का ऑपरेशन पंजाब फेल हो गया'
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली तर से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का "ऑपरेशन पंजाब" पूरी तरह से फेल हो गया है. उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच हुई इस पहली कुश्ती में AAP की जीत हुई है.
उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ बनाया गया मामला पूरी तरह फर्जी और झूठा था. जिस वक्त टेंडर पास होने का दावा किया जा रहा है, उस समय सत्येंद्र जैन मंत्री ही नहीं थे.
'परिवार के लिए बेहद भावुक पल'
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि कोर्ट के इस फैसले के बाद सत्येंद्र जैन की पत्नी और बेटी बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने कहा, "परिवार ने बहुत खराब समय देखा है. लगभग 2 साल पहले भी उन्हें जेल में रखा गया था और जैसे-जैसे परिवार संभला, उन्हें दोबारा जेल में डाल दिया गया. कल जन्माष्टमी का त्यौहार है और वे अपने परिवार के साथ इसे मना सकेंगे ."
केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप
केन्द्र सरकार और जांच एजेंसियों पर निशाना साधते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि किसी भी सरकार के लिए मुकदमा बनाना बहुत आसान होता है.
- एजेंसियों पर सवाल: ED, CBI और ACB का इस्तेमाल करके शोर मचाया जाता है, लेकिन जब मामला कोर्ट में पहुंचता है तो बिना सबूत के केस टिक नहीं पाता.
- शराब नीति मामले का जिक्र: एक्साइज मामले में भी हमारे नेताओं को दो-दो साल जेल में रखा गया, लेकिन बाद में कोर्ट ने पाया कि इसमें चार्जशीट करने लायक भी तथ्य नहीं हैं.
- प्रक्रिया ही सजा: देश में न्याय मिलने में देरी होती है और यहाँ न्याय की प्रक्रिया ही अपने आप में एक सजा (Process is the punishment) बन जाती है.
मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की नौटंकी
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार में सत्येंद्र जैन के पास PWD, जल बोर्ड, इंडस्ट्रीज और पावर जैसे बड़े मंत्रालय थे, तो किसी भी फाइल को निकालकर फर्जी कहानियां बना दी जाती थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए किया जाता है ताकि कोई सरकार से नौकरियों, महंगाई और अर्थव्यवस्था की स्थिति पर सवाल न पूछ सके.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के राशन डीलरों पर संकट: 70 साल की उम्र पूरी होते ही रद्द होगा लाइसेंस, सरकार के नए गजट
ADVERTISEMENT


