प्रधानमंत्री के 51वें PRAGATI (प्रगति) सम्मेलन के निर्देशों के तहत आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) ने 'स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0' के अंतर्गत PRAGATI-50 पहल की शुरुआत की है. इस पहल के माध्यम से देश भर में उच्च-स्तरीय स्वच्छता मानक स्थापित करने के लिए 24 राज्यों के 50 मॉडल शहरों की पहचान की गई है.
ADVERTISEMENT
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता, नवाचार और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़ी कई बड़ी पहलों की शुरुआत की गई.
PRAGATI-50 पहल: 50 शहर बनेंगे स्वच्छता के 'रोल मॉडल'
लॉन्च के अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 24 राज्यों के ये 50 शहर देश के बाकी हिस्सों के लिए स्वच्छ रोल-मॉडल के रूप में उभरेंगे. इन शहरों में सांस्कृतिक महत्व वाले स्थल, प्रमुख पर्यटन क्षेत्र और आर्थिक केंद्र शामिल हैं. इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक निश्चित समय-सीमा में निगरानी और समीक्षा के जरिए शहरी स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन और जन-भागीदारी में सुधार लाना है. केंद्रीय मंत्री स्वयं हर दूसरे महीने समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे.
वहीं राज्य मंत्री तोखन साहू ने जोर देकर कहा कि पिछले एक दशक में स्वच्छता एक जन-आंदोलन से जीवन जीने का तरीका बन गई है. उन्होंने राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों से सूक्ष्म-स्तरीय कार्य योजनाएं बनाकर उन्हें तेजी से लागू करने का आह्वान किया.
स्वच्छता क्षेत्र में नई पहलों की शुरुआत
CSIR-CMERI द्वारा 'स्वच्छ भारत टेस्ट बेड': सैनिटेशन टेक्नोलॉजी में रिसर्च, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, टेस्टिंग, सर्टिफिकेशन और क्षमता निर्माण के लिए दुर्गापुर में 'स्वच्छ भारत टेस्ट बेड और इनोवेशन सेंटर' शुरू किया गया है.
IIT कानपुर के सहयोग से स्टार्टअप्स का तीसरा कोहोर्ट: देश में स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए IIT कानपुर के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) के साथ मिलकर तीसरे ग्रुप (कोहोर्ट 3) की शुरुआत की गई, जिसमें 13 नए स्टार्टअप्स को शामिल किया गया है.
'स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन डिजिटल कोष': केंद्रीय मंत्री द्वारा एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया, जो राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) को तैयार कम्युनिकेशन रिसोर्स, नए कैंपेन आइडिया और एडवोकेसी सामग्री उपलब्ध कराएगा.
संकल्प भवन में RRR सेंटर का उद्घाटन: 'स्वच्छता ही सेवा 2026' के तहत नई दिल्ली के संकल्प भवन में 'रिड्यूस, रियूज़ और रीसायकल (RRR) सेंटर' का उद्घाटन किया गया, जो किसी केंद्रीय मंत्रालय के कार्यालय में अपनी तरह की पहली पहल है.
डेडिकेटेड WhatsApp चैनल: नागरिकों द्वारा स्वच्छता संबंधी शिकायतें दर्ज कराने और उनके आसान निवारण के लिए स्वच्छता ऐप के साथ एक समर्पित व्हाट्सएप चैनल शुरू किया गया है.
पारदर्शी निगरानी और नई गाइडलाइंस
काम की सटीक ट्रैकिंग के लिए 'स्वच्छतम पोर्टल' पर 'प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन' (PRAGATI) जैसा डिजिटल रिव्यू सिस्टम तैयार किया गया है. इसके अलावा, 'कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट' (C&D) के लिए सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर बनाने की SOP और 'सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2026' के तहत कचरे के 'सोर्स सेग्रीगेशन' (स्रोत से ही कचरा अलग करने) की गाइडलाइंस भी जारी की गई हैं.
ADVERTISEMENT


