Uttam Nagar Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली का उत्तम नगर इलाका पिछले कुछ दिनों से तरुण बुटोलिया हत्याकांड की वजह से सुर्खियों में है. होली की शाम को हुई इस खौफनाक वारदात ने न केवल दिल्ली को झकझोर कर रख दिया था. घटना के बाद से इलाके में सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव जारी है. एहतियातन इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके साथ इलाके में बाहरी व्यक्तियों के आने पर भी पाबंदी लगा दी है. वहीं इलाके में रविवार को दिल्ली नगर निगम यानी MCD ने अवैध रूप से बनाए गए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चला दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, घटना होली की शाम की है. इस दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार की बच्ची ने गुब्बारे में पानी भरकर नीचे फेंका था लेकिन ये वहां से गुजर रही विशेष धर्म की महिला को जा लगा. परिवार का कहना है कि घटना के बाद गुब्बारा गलती से हाथ से छुटा था और घटना के बाद महिला से माफी भी मांग ली थी. पीड़ित परिवार ने कहा कि महिला ने इसके बाद अपने रिश्तेदारों को इस बात की जानकारी दी, जिसके बाद उनके रिश्तेदारों ने आकर इसी गली में रहने वाले बच्चे के परिवार के साथ जमकर मारपीट की और घरों के शीशे तोड़ दिए. बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने तरुण को घेर लिया था और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली. इस वारदात के बाद से ही स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है. लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई मांग कर रहे है.
MCD ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर
रविवार को एमसीडी की टीम भारी पुलिस बल के साथ आरोपियों के ठिकानों पर पहुंची. प्रशासन का कहना है कि ये घर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए थे और अतिक्रमण की श्रेणी में आते थे. बुलडोजर ने देखते ही देखते हत्यारोपियों के घरों को मलबे में तब्दील कर दिया. इस दौरान इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया था.
अब तक करीब सात लोगों को गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक करीब सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से छह आरोपी बालिग हैं, जबकि एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वे मौके पर मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रख रहे हैं. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एमसीडी द्वारा की जा रही है और पुलिस केवल सुरक्षा मुहैया करा रही है ताकि सरकारी काम में कोई बाधा न आए.
लोग कर रहे थे विरोध प्रदर्शन
उत्तम नगर में पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन और विरोध मार्च का सिलसिला जारी था. स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कड़ा फैसला लिया. वहीं इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है. अब देखना यह होगा कि इस बुलडोजर एक्शन के बाद क्या जनता का गुस्सा शांत होता है और इलाके में शांति बहाल हो पाती है या नहीं.
ADVERTISEMENT

