उत्तर पूर्वी दिल्ली का थाना उस्मानपुर इलाका एक बार फिर खून से लाल हो गया है. इलाके में महज 3 घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातों ने पुलिस कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मिली जानकारी के अनुसार, उस्मानपुर के चौथे पुस्ते पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के कुछ ही देर बाद, पांचवें पुस्ते पर एक और दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया. यहां एक 16-17 साल के नाबालिग लड़के की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
15 से 16 लड़कों ने घेरकर किया ताबड़तोड़ हमला
मृतक छात्र की पहचान 16 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है, जो कि 10वीं क्लास का छात्र था. बताया जा रहा है कि जब वारदात हुई, उस वक्त करीब 15 से 16 लड़कों ने अभिषेक को चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए. हमला इतना जोरदार और बेरहम था कि अभिषेक सड़क पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा. स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद जब लोग मौके पर पहुंचे, तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण अभिषेक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
पुरानी रंजिश और जेल से आए बदमाशों का खौफ
अभिषेक की हत्या के पीछे आपसी रंजिश का मामला सामने आ रहा है. मृतक अभिषेक के परिजनों का आरोप है कि करीब 3 महीने पहले पास में ही रहने वाले कुछ लड़कों के साथ अभिषेक का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. उस झगड़े के बाद आरोपी लड़के जेल चले गए थे. परिजनों का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद से ही वे आरोपी लगातार अभिषेक को जान से मारने की फिराक में थे और मौका मिलते ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दे दिया.
इलाके में दहशत का माहौल और पुलिस की तफ्तीश
यह वारदात रात के करीब 9:30 से 10:00 बजे के आसपास हुई, जब इलाके में सोमवार बाजार (सोम बाजार) लगा होने के कारण आम लोगों की काफी आवाजाही थी. सरेबाजार हुई इस हत्या के बाद स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार किया जा सके.
ADVERTISEMENT


