दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए बहुचर्चित तरुण हत्याकांड में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. इस मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में आज नगर निगम की टीम ने हत्याकांड के एक आरोपी इस्माइल के घर पर फिर से हथौड़ा चलाया और अवैध रूप से बने हिस्से को जमींदोज कर दिया. प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
ADVERTISEMENT
आरोपी इस्माइल के घर पर दोबारा हुई कार्रवाई
तरुण हत्याकांड के आरोपी इस्माइल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. हालांकि, उसके घर पर प्रशासन की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले भी आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया गया था, लेकिन उस वक्त मकान का काफी हिस्सा बचा रह गया था. आज MCD की टीम भारी संख्या में सदस्यों के साथ मौके पर पहुंची और हथौड़े व अन्य उपकरणों की मदद से घर की दीवारों और छत के बड़े हिस्से को तोड़ दिया. प्रशासन का तर्क है कि यह निर्माण अवैध अतिक्रमण के दायरे में आता था, जिसके चलते इसे हटाने की कार्रवाई की गई है.
इलाके में पहले भी चल चुका है बुलडोजर
बता दें कि तरुण हत्याकांड के बाद से ही प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है. घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी के घर पर भी बुलडोजर चलाया गया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी. सिर्फ आरोपियों के घर ही नहीं, बल्कि इस इलाके के मार्केट में भी अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया था. उस कार्रवाई के दौरान दर्जन भर से अधिक दुकानों के सामने से अवैध अतिक्रमण हटाया गया था. अब इस्माइल के घर पर दोबारा हुई इस तोड़फोड़ को उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है.
18 आरोपी गिरफ्तार, परिवार को मिल रही धमकियां
इस हत्याकांड में अब तक कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 4 आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. वहीं दूसरी ओर, मृतक तरुण के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी पक्ष की महिलाओं द्वारा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है. परिवार का आरोप है कि मुस्लिम महिलाओं के एक समूह ने उनके घर आकर गाली-गलौज की और तरुण के दूसरे भाई को भी जान से मारने की धमकी दी. इस बढ़ते तनाव और खतरे को देखते हुए तरुण के परिवार ने कोर्ट के माध्यम से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, जिस पर कोर्ट ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है.
आने वाले दिनों में और भी हो सकती है कार्रवाई
उत्तम नगर इलाके में हिंदू संगठनों के लगातार प्रदर्शन और पुलिस पर बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के घरों पर भी एमसीडी का हथौड़ा या बुलडोजर चल सकता है. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
ADVERTISEMENT


