Vijeta Dahiya News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. पार्टी ने उन्हें प्रवक्ता पद से हटाते हुए सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है. इस फैसले की जानकारी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए शेयर की है. CJP ने अपने बयान में कहा कि वे अपने प्रवक्ता के इस असंवेदनशील व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं.
ADVERTISEMENT
''पार्टी के मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ व्यवहार''
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि "हम अपनी प्रवक्ता विजेता दहिया के बेहद असंवेदनशील आचरण की कड़ी निंदा करते हैं. उनके ये वीडियो ऐसे समय में सामने आए हैं, जब हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और पार्टी की टीम पुलिस की बर्बरता का सामना कर रही थी. ऐसा व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है, जो समझदारी की भारी कमी को दर्शाता है और हमारे आंदोलन के मूल्यों व सिद्धांतों के बिल्कुल खिलाफ है.
इसके जवाब में कार्रवाई करते हुए हम विजेता दहिया को 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रवक्ता पद से हटाते हैं और उन्हें सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से मुक्त करते हैं."
क्या है मामला?
गौरतलब है कि 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद चलो मार्च निकाला था. इस दौरान हजारों लोग सड़कों पर उतरे थे. इसी बीच विजेता दहिया का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे प्रदर्शन छोड़कर बर्गर खाते दिखे. इसके बाद एक और वीडियो आया, जिसमें दो युवक उनसे सवाल पूछ रहे थे और वे चुप खड़े थे. बाद में विजेता ने सफाई में कहा था कि वे नहाने घर गए थे और भूख लगने पर उन्होंने खाना खाया.
विरोधी नेताओं ने भी उठाए थे सवाल
शिवसेना (UBT) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया पर सवाल खड़े किए थे. उन्होंने पूछा था कि हर मंच पर दिखने वाले और स्वामी प्रेमानंद महाराज पर टिप्पणी करने वाले विजेता क्या कल के प्रदर्शन में शामिल नहीं थे? क्या यह बात सच है?
कौन हैं विजेता दहिया?
विजेता दहिया एक कवि, लेखक, फिल्ममेकर, पॉलिटिकल रिसर्चर और कंटेंट क्रिएटर हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने ध्रुव राठी समेत कई लोकप्रिय यूट्यूब क्रिएटर्स के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग और रिसर्च का काम किया है. उन्होंने दो बेस्टसेलिंग किताबें भी लिखी हैं. इसके अलावा, Take Care! और Dararein जैसी फिल्मों का निर्देशन और निर्माण भी किया है. हाल ही में वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आधिकारिक प्रवक्ताओं में शामिल हुए हैं. राजनीति, समाज, संस्कृति और धर्म जैसे मुद्दों पर अपने विचारों को लेकर वे लगातार चर्चा में रहते हैं.
यह भी पढ़ें: जंतर-मतंर प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ था, इस लड़की ने जो बताया वो हैरान कर देगा!
ADVERTISEMENT


