दिल्ली के विवेक विहार में दर्दनाक अग्निकांड, AC ब्लास्ट से 9 की मौत! खौफनाक VIDEO आया

दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक इमारत की दूसरी मंजिल पर AC ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई. हादसे में छत का दरवाजा बंद होने के कारण 9 लोगों की मौत हो गई और कई झुलस गए. दमकल की 14 गाड़ियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 12 लोगों को बचाया.

NewsTak

अंशुल सिंह

follow google news

देश की राजधानी के विवेक विहार इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. रविवार तड़के सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (AC) में हुआ जोरदार धमाका बताया जा रहा है.

Read more!

आधी रात के बाद लगी आग

फायर विभाग के मुताबिक, कंट्रोल रूम को तड़के करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर रवाना कर दी गईं. जब तक रेस्क्यू टीम पहुंची, आग की लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं. धुएं के गुबार के बीच दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन तब तक 9 लोग अपनी जान गंवा चुके थे.

छत का दरवाजा बंद होना बना काल

हादसे के जो डिटेल सामने आ रहे हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं. बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट हुआ था. आग तेजी से फैली और तीसरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया. जान बचाने के लिए लोग ऊपर की ओर भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए और जिंदा जल गए. पुलिस ने बताया कि तीन शव तो बिस्तर पर ही मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला.

अभी जारी है कूलिंग ऑपरेशन

फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे को ठंडा करने (कूलिंग ऑपरेशन) का काम जारी है. पुलिस के अनुसार, मृतकों के शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. प्रशासन ने अंदेशा जताया है कि मलबे की तलाशी के दौरान हताहतों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.

 वीडियो देखिए

 

    follow google news